
गौ पूजन से व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है
औरैया, 30 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में एक विचित्र पहल सेवा समिति की महिला शाखा तुलसी सखी ग्रुप की ओर से गुरुवार को श्री गोपाल इंटर कॉलेज में गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौ माता का गंगाजल से अभिषेक कर अंगवस्त्र ओढ़ाए गए तथा गुड़, फल, मिष्ठान और चने की दाल खिलाकर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। पूजा के उपरांत उपस्थित महिलाओं ने गौ माता की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई ने बताया कि गोपाष्टमी का पर्व कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष अष्टमी को देशभर में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गाय के शरीर में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। प्राचीन कथाओं के मुताबिक, इसी दिन माता यशोदा ने भगवान श्रीकृष्ण को पहली बार गाय चराने के लिए जंगल भेजा था। तभी से यह पर्व गौ-सेवा और पूजन का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि गौ पूजन से व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है तथा सभी देवी-देवताओं की कृपा प्राप्त होती है।
शाखा की संरक्षक बबिता गुप्ता ने बताया कि गोपाष्टमी के दिन जो व्यक्ति गाय के नीचे से निकलता है, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस दिन दान का विशेष महत्व है और मान्यता है कि ग्वालों को दान करने से घर में शांति और खुशहाली आती है।
सखी ग्रुप की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई और कार्यक्रम संयोजिका पायल पोरवाल ने बताया कि कार्तिक मास के पावन अवसर पर 2 नवंबर को श्री पोरवाल धर्मशाला, होमगंज औरैया में तुलसी विवाह का आयोजन हाेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कुमकुम वर्मा, मंगला शुक्ला, संगीता भदौरिया, अनीता पोरवाल, रश्मि बिश्नोई, संगीता गुप्ता, सीता अवस्थी, अर्चना बिश्नोई, आशिका गुप्ता सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
——-
(Udaipur Kiran) कुमार
