मुंबई, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के कल्याण में शिवसेना शिंदे गुट के नेता के बेटे सहित सात लोगों के विरुद्ध शनिवार को खडक़पाड़ा पुलिस स्टेशन में रंगदारी वसूलने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन खडक़पाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि वडवली क्षेत्र में बिल्डर मंगेश दशरथ गायकर के मंगेश स्टार, मंगेशी हेवन और मंगेशी जेमिनी प्रोजेक्ट चल रहे हैं। कल्याण के शिवसेना शिंदे गुट के उपनगर प्रमुख दुर्योधन पाटिल के बेटे वैभव दुर्योधन पाटिल सात लोगों के साथ 25 अक्टूबर को सुबह बिल्डर गायकर की प्रोजेक्ट साइट पर गए थे। इस दौरान वैभव दुर्योधन पाटिल के साथ सुनील राजाराम पाटिल, पंकज पाटिल, उद्धव पाटिल, तेजस पाटिल, ध्रुव पाटिल और करण पाटिल भी मौजूद थे। इन लोगों ने प्रोजेक्ट का काम रुकवाने का प्रयास किया। साथ ही बिल्डर को रंगदारी की रकम देने के बाद ही काम शुरु करने का आदेश भी दिया। शिकायत में गायकर ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उस समय कहा कि जब तक रंगदारी की रकम नहीं देते, तब तक साईट बंद रखें वर्ना जान से मार दिया जाएगा। गायकर ने इस तरह की धमकी इससे पहले दो बार और दिए जाने की भी जानकारी अपनी शिकायत में दी है। इस मामले की छानबीन पुलिस कर रही है।
इस मामले में आरोपित वैभव पाटिल ने सभी आरोपों से इनकार किया है और कहा है, ‘मैंने कोई रंगदारी नहीं मांगी है। अगर इस संबंध में कोई सबूत है, तो उसे दिखाया जाना चाहिए। स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए मैंने व्यापारियों से केवल दो बार मुलाकात की थी। ‘ वैभव पाटिल ने कहा, ’20 दिनों के बाद मामला दर्ज करना संदिग्ध है। आगामी नगरपालिका चुनावों की पृष्ठभूमि में, विपक्ष ने व्यवसायी के खिलाफ साजिश रची और झूठा मामला दर्ज किया है । ‘, इसे देखते हुए खडक़पाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम मामले की सावधानी से जांच कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव