


– केन्द्रीय मंत्री प्रधान ने की भाजपा संगठन पर्व के तहत प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा
भोपाल, 02 जुलाई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित एक समारोह में बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को मध्य प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने विधायक हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सभी को साथ लेकर चलते हुए पार्टी संगठन को मजबूती देंगे। आप सभी ने हेमंत खंडेलवाल को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुनकर मध्य प्रदेश के संगठन पर्व में एक नया अध्याय जोड़ा है, परंपरा को पुष्ट किया है, जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद देता हूं।केन्द्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि मैं हेमंत खंडेलवाल को काफी समय से जानता हूं और एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें काम करते हुए देखा है। सहज, मृदुभाषी, गंभीर और संगठन की जड़ों तक पहुंचकर काम करने वाले हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सभी को साधते हुए सभी को साथ लेकर संगठन का खूंटा पूरी मजबूती के साथ गाड़ेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है।
केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि 50 के दशक में जनसंघ के रूप में शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया के सबसे बड़े और ताकतवर संगठन का रूप ले चुकी है। पहले श्रद्धेय अटल जी के नेतृत्व में हमें देश में सरकार चलाने का अवसर मिला और विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के कई कीर्तिमान बने। पिछले 11 साल से दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार जनता की सेवा का कार्य कर रही है। मध्य प्रदेश में भी लंबे समय से हम सत्ता में रहकर बीमारू राज्य से विकसित प्रदेश बनाया है। वर्तमान में हमारी शासन प्रणाली डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में काम कर रही है। केंद्र और राज्य में हमें इतने लंबे समय तक जनता की सेवा करने का अवसर मिला, इसके पीछे पार्टी कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और परिश्रम है।
उन्होंने कहा कि हमारा जो भी दायित्व है, वह इसलिए नहीं है कि कुछ लोग जनप्रतिनिधि बन जाएं, या कुछ और लोग पार्टी कार्यकर्ता बन जाएं। हमारा दायित्व इसलिए है कि हम लंबे समय तक मध्य प्रदेश की 8.5 करोड़ जनता की सेवा कर सकें और सुशासन को उसकी पराकाष्ठा तक पहुंचाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सभी के साथ मिलकर ऐसे समर्पित, संवेदनशील और जनकल्याणकारी संगठन की रचना करेंगे। उन्होंने कहा कि कल रात तक हेमंत खंडेलवाल के अलावा किसी और उम्मीदवार का नामांकन नहीं आना यह बताता है कि सभी के मन में बस एक ही नाम था और वो हेमंत खंडेलवाल का था।
‘हम’ की भावना से बढ़ती है हमारी ताकतः डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता इस भाव से काम नहीं करता कि मैं राजनीति में काम कर रहा हूं। वह क्षेत्र के विकास और भारत माता की सेवा के लिए काम करता है। अपनी भूमिका को कैसे और आगे बढ़ाऊं, अपनी कमजोरियों को दूर कर किस तरह अच्छाईयों को धारण करूं। इसी भावना के साथ हमारी निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई और किसी को पता नहीं चला। हमारे बीच ‘तुम’ नहीं, ‘हम’ की भावना है और इसी से हमारी ताकत बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि हमारे संगठन पर्व का एक चरण पूरा हो गया है, लेकिन हम सभी यह संकल्प लें कि अपने-अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए मध्य प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए आगे बढ़ते रहेंगे। हमारी संगठन प्रक्रिया बड़ी सहजता के साथ संपन्न हुई, लेकिन चुनौतियां अभी भी हमारे सामने हैं। हमारे विरोधी षडयंत्र पर षडयंत्र रच रहे हैं और इन षडयंत्रों के बलबूते पर अपने मंसूबों को पूरा करना चाहते हैं। जिन्होंने संविधान की हत्या की, वो संविधान हाथों में लेकर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। अपने आपको कानून से भी ऊपर मानकर चलते हैं। जिन्होंने जीवन भर बाबा साहब अंबेडकर को अपमानित करने का काम किया, वो उनके नाम पर वोट बटोरने की साजिश रच रहे हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे संकटों से हम 1951 से निपटते आए हैं और आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हम जो राजनीति करते हैं, वो देश की जड़ों से जुड़कर करते हैं। डॉ. यादव ने सनातन संस्कृति का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका वृक्ष, फल-फूल, पत्तियां सब नीचे हैं और जड़ें आसमान में हैं। इसलिए दुनिया के अनेक देशों की संस्कृति मिट गई या बदल गई, लेकिन हमारी संस्कृति आज भी कायम है।
(Udaipur Kiran) तोमर
