Uttar Pradesh

2047 तक देश और प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से बीजेपी की ही रहेगी सरकार : केशव प्रसाद मौर्य

भारत के विकसित राष्ट्र बनने तक देश और प्रदेशों में रहेगी भाजपा की सरकार - केशव प्रसाद मौर्य

– राहुल गांधी और अखिलेश यादव 2047 तक न देखें सत्ता में वापसी का ख्वाब – डिप्टी सीएम

चित्रकूट,14 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश में भगवान श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट के दौरे पर रविवार को आए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का स्पष्ट लक्ष्य सुशासन और विकास है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की बौखलाहट का इलाज जनता करेगी। 2047 तक देश और प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से बीजेपी की ही सरकार रहेगी।

चित्रकूट आए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है। पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी परमाणु बम, कभी भूकंप और अब हाइड्रोजन बम जैसी बातें करके अपनी हताशा प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह फ्रस्ट्रेशन के शिकार हैं और सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते थे, लेकिन देश की जनता ने गरीब परिवार से आने वाले ओबीसी वर्ग के बेटे नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया है। उन्होंने कहा कि आज देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कांग्रेस का हाजमा खराब हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने संवैधानिक दायित्वों को भी पूरा नहीं करते और देश की जनता उन्हें बारीकी से देख रही है। जब भी चुनाव होंगे, जनता राहुल गांधी को सबक सिखाएगी। इस मौके पर बांदा चित्रकूट के पूर्व सांसद आर के सिंह पटेल, बीजेपी जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ,पूर्व विधायक आनंद शुक्ला,भाजपा जिला महामंत्री आलोक पांडेय,महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी,वरिष्ठ नेता शक्ति प्रताप सिंह तोमर,राजकुमार त्रिपाठी आदि वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / रतन पटेल

Most Popular

To Top