Gujarat

गुजरात के 139 तालुकाओं में जोरदार बारिश, कपराडा में 10 इंच हुई बरसात

गांधीनगर
गांधीनगर

-सरदार सरोवर डैम में 91.26 प्रतिशत जल भंडारण : 206 जलाशयों में से 123 डैम के लिए हाई अलर्ट की चेतावनी जारी

-मछुआरों को 7 से 10 सितंबर तक समुद्र में न जाने की भारतीय मौसम विभाग की चेतावनी

गांधीनगर, 07 सितंबर (Udaipur Kiran) । गुजरात में पिछले 24 घंटों में व्यापक बारिश हुई है। इस दौरान गुजरात के 139 तालुकाओं में उल्लेखनीय बारिश दर्ज की गई है। जिसमें कपराडा तालुका में 10 इंच, पोशीना और धरमपुर तालुका में 6-6 इंच, जबकि राधनपुर, उमरगाम, भचाऊ, लाखनी, तलोद और पालनपुर तालुका में 4-4 इंच से अधिक वर्षा हुई है।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार आज 7 सितंबर को सुबह 6 बजे तक पूरे हुए 24 घंटों के दौरान साणंद, कड़ी, बोटाद, संतरामपुर, सतलासणा, दांता, पडधरी, वाव, धानेरा, पाटन, पारडी, भिलोड़ा, खेड़ब्रह्मा, प्रांतीज, उमरपाड़ा और मोडासा मिलाकर कुल 15 तालुकाओं में लगभग 3 इंच बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, मेहसाणा, टंकारा, बायड, सिद्धपुर, रापर, जामकंडोरणा, धानपुर, खेड़गाम, ईडर, वापी, सागबारा, झालोद, खेड़ालु, विसनगर, बालासिनोर, तिलकवाड़ा, माळिया, दसक्रोई, हालोल, झांबुधोडा, दसाड़ा, संखेडा, दाहोद, वीरमगाम, धोराजी, जोडिया, जोटाणा, वलसाड, कडाणा, हलवद, सूईगाम, उंझा, राजकोट, थराद, बोडेली, ध्रोल और वडनगर मिलाकर कुल 38 तालुकाओं में लगभग 2 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं राज्य के अन्य 75 तालुकाओं में 1 से आधा इंच तक वर्षा हुई है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में चालू मानसून सत्र का औसत वर्षा 102.89 प्रतिशत दर्ज की गयी है। इसमें उत्तर गुजरात क्षेत्र में 106.50 प्रतिशत, पूर्व-मध्य गुजरात क्षेत्र में 107.34 प्रतिशत, सौराष्ट्र क्षेत्र में 91.29 प्रतिशत और दक्षिण गुजरात क्षेत्र में 107.99 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग ने मछुआरों को 7 सितंबर से 10 सितंबर तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है।

सरदार सरोवर डेम में 91.26 प्रतिशत जल भंडारण हुआ है, जिसमें 3,09,048 एम.सी.एफ.टी पानी का भंडारण है। राज्य के 206 जलाशयों में से 123 डैम के लिए हाई अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। 20 डैम के लिए अलर्ट और 14 डैम को वार्निंग दी गई है। राज्य के 203 जलाशयों में इस समय 46,7920 एम.सी.एफ.टी पानी का भंडारण हुआ है, जो कुल भंडारण क्षमता का 83.87 प्रतिशत है।

राज्य में 01 जून 2025 से अब तक 5,598 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है, जबकि 1,045 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया है। फिलहाल राज्य में 12 एनडीआरएफ और 22 एसडीआरएफ की टीमें विभिन्न जिलों में तैनात हैं।

गांधीनगर की बात करें तो, ऊपरी क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण मेश्वो नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। दहेगाम तालुका के हरसौली गाँव में नदी किनारे बसे कुल 23 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इनमें 10 महिलाएँ, 9 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं। प्रशासन ने इन सभी को हरसौली प्राथमिक विद्यालय में स्थानांतरित किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / Abhishek Barad

Most Popular

To Top