Maharashtra

लायन गेट के पास शौचालय का निर्माण, बीएमसी ने किया खारिज

मुंबई, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । दक्षिण मुंबई के लायन गेट के पास प्रस्तावित शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू किए जाने की खबरों को मुंबई मनपा प्रशासन ने खारिज कर दिया है। मनपा ने साफ किया है कि उस जगह पर बेस्ट की केबल लाइन खराब हो गई थी। बैस्ट प्रशासन की ओर से केबल का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। शौचालय के निर्माण नहीं किया जा रहा है।

केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत अभियान-2 के दिशानिर्देशों के अनुसार मुंबई मनपा ने दक्षिण मुंबई के शहीद भगत सिंह मार्ग पर लायन गेट के पास शौचालयों का निर्माण करने का प्रस्ताव तैयार किया था। हालांकि इस प्रस्ताव का भाजपा के पूर्व नगरसेवक मकरंद नार्वेकर ने विरोध किया था। इस संबंध में उन्होंने बीएमसी आयुक्त को पत्र लिखा था। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के 17 जुलाई 2025 को दिए गए निर्देशों पर शौचालय का निर्माण रोक दिया गया था। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि बीएमसी ने दक्षिण मुंबई के शहीद भगत सिंह मार्ग पर लायन गेट के पास शौचालयों का निर्माण फिर से शुरू कर दिया है और साथ ही राज्य सरकार के आदेशों के उल्लंघन के आरोप लगाए जा रहे हैं।

इस पर मुंबई मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार के निर्देशों के बाद शौचालयों का निर्माण कार्य अभी भी रुका हुआ है। बेस्ट प्रशासन ने लायन गेट के पास केबल में खराबी आने के कारण मरम्मत का काम शुरू किया है। बेस्ट की केबल लायन गेट पर प्रस्तावित शौचालय स्थान के पास से गुज़रती है। केबल में खराबी के कारण, उसकी मरम्मत आवश्यक है। बेस्ट प्रशासन पिछले 2-3 दिनों से उस स्थान पर केबल की मरम्मत कर रहा है। शौचालय निर्माण की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top