Maharashtra

मनोज जरांगे पाटिल के आरोपों को बीएमसी ने किया खारिज

मुंबई, 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण को लेकर अनशन पर बैठे मनोज जरांगे पाटिल के उन आरोपों का मुंबई महानगरपालिका ने खंडन किया है, जिसमें उन्होंने आंदोलनकारियों के लिए दाना-पानी और शौचालय को बंद करने का आरोप लगाया था।

मुंबई मनपा प्रशासन ने सफाई दी है कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पूरे महाराष्ट्र से आए प्रदर्शनकारियों की संख्या को देखते हुए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, स्वास्थ्य आदि की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं को नियुक्ति किया गया है। लगातार बारिश के कारण आज़ाद मैदान पर जमा कीचड़ हटा दिया गया है. प्रवेश मार्ग पर 2 ट्रक बजरी डालकर सड़क को समतल किया गया है। मैदान क्षेत्र में विशेष रूप से शाम और रात के समय, पर्याप्त रोशनी के लिए मुंबई अग्निशमन विभाग द्वारा 3 तेज़ बीम वाली बिजली की लाइटें लगाई गई हैं। प्रदर्शनकारियों के लिए पीने के पानी के 12 टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टैंकर मंगवाए जा रहे हैं। धरना स्थल और आसपास के क्षेत्र में 500 से अधिक सफाई कर्मचारियों द्वारा निरंतर सफाई की जा रही है। पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

मनपा के अनुसार प्रदर्शनकारियों की संख्या को देखते हुए आजाद मैदान क्षेत्र में 24 घंटे मेडिकल सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इनमें से 4 चिकित्सा दल और 2 एम्बुलेंस मैदान क्षेत्र में कार्यरत हैं। नायर अस्पताल से भी एक चिकित्सा दल वहां तैनात किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को गोकुलदास तेजपाल (जी.टी.) अस्पताल, नायर अस्पताल, कामा अस्पताल, बॉम्बे अस्पताल में रेफर किया जाएगा। इसी प्रकार, राज्य सरकार की ओर से जे.जे. अस्पताल की एक टीम भी मैदान क्षेत्र में तैनात की गई है। कुल तीन एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। प्रदर्शनकारियों के लिए 300 से अधिक शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। आजाद मैदान और उसके आसपास के सभी सार्वजनिक शौचालय मुफ्त उपलब्ध कराए गए हैं। मैदान के अंदर कुल 29 शौचालय की मुफ्त व्यवस्था है। मैदान से सटे महात्मा गांधी रोड पर 10-10 शौचालयों वाले 3 मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। मेट्रो स्थल के पास 12 मोबाइल (पोर्टेबल) शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा फ़ैशन स्ट्रीट और आसपास के पूरे इलाके में 250 शौचालयों वाले मोबाइल शौचालय मुफ्त उपलब्ध कराए गए हैं।

बारिश को देखते हुए मैदान क्षेत्र में लगातार कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है। इसके लिए 2 अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। आजाद मैदान और आसपास के क्षेत्र में किसी भी रेस्टोरेंट या खाने-पीने की दुकान को बंद नहीं किया गया है। न ही पीने के पानी की आपूर्ति रोकी गई है। सभी दुकानें खुली हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top