Haryana

गुरुग्राम: निजी जमीन पर जबरदस्ती रास्ता बनाने के विवाद में खूनी संघर्ष

-इस घटना में 10 लोग घायल हुए, पुलिस ने दोनों पक्षों पर किया केस दर्ज

गुरुग्राम, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । गली के विवाद को लेकर शुक्रवार की रात को दो गुट आपस में भिड़ गए। एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के घर पर हमला बोल दिया। अपने बचाव में दूसरे पक्ष के लोगों ने भी हमला किया। इस दौरान दोनों गुटों में जमकर लाठियां चली। झगड़े में दस लोग घायल हो गए। शनिवार को भोंडसी थाना के एसएचओ सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने दोनों ही पक्ष की तरफ से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों का अस्पताल में भर्ती करा दिया है।

जानकारी के अनुसार कादरपुर ढाणी गांव के रहने वाले रविंद्र व भारत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पड़ोसी जबरदस्ती उनकी ही जमीन पर रास्ता बना रहा है। इसका उन्होंने विरोध किया। भारत के अनुसार रात करीब साढ़े 9 बजे सुमित, अमित, सतपाल, दीपक, अवतार, डालचंद, सत्ते, मिंटू, मोहित, राहुल, कुलदीप समेत कई लोग लाठी डंडे लेकर उनके घर आ गए और हमला बोल दिया। भारत ने बताया कि बचाव में उन्होंने भी उनको भगाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अधिक संख्या में थे और उन्होंने बाहर से गुंडे टाइप लोगों को भी बुला रखा था। भारत ने बताया कि इस झगड़े में राजेंद्र दायमा, चाचा रविंद्र, भाई विपिन, मां मुकेश, चाची मुनेश, भाई प्रिंस और दादी संतरा देवी को गंभीर चोट आई हैं। पिता राजेंद्र और भाई प्रिंस की हालत गंभीर है।

भारत के अनुसार आरोपियों ने उनको जानवरों की तरह पीटा, बेहोश होने के बाद भी आरोपी लगातार उन पर लाठियां मारते रहे। एसएचओ सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस को दोनों ही पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस ने दोनों मामलों में 20 लोगों को नामजद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top