Haryana

गुरुग्राम: प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया जा रहा आपातकाल का काला अध्याय

गुरुग्राम के उपमंडल पटौदी के लघु सचिवालय में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के उपरांत अवलोकन करती हुई विधायक बिमला चौधरी।

गुरुग्राम: प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया जा रहा आपातकाल का काला अध्याय

-लोकतंत्र के सत्याग्रहियों को लोगों ने किया नमन

गुरुग्राम, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । संविधान हत्या दिवस (25 जून) के तहत आपातकाल लगाए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने पर सूचना, जनसम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की ओर से पटौदी उपमंडल स्थित लघु सचिवालय परिसर में जन जागरूकता प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने किया। कार्यक्रम में भाजपा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अजित सिंह यादव भी उपस्थित रहे।

इस प्रदर्शनी में स्लाइड्स के माध्यम से आपातकाल में लोकतंत्र पर हुए प्रहार से जुड़ी विभिन्न घटनाओं के संस्मरणों को प्रदर्शित किया गया है। सचिवालय में पहुंचे लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आपातकाल के दौरान दी गई यातनाओं की जानकारी ली व लोकतंत्र के बचाव के लिए लोकतंत्र प्रहरियों की भूमिका का प्रदर्शनी में किया गया उल्लेख भी देखा। बिमला चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र प्रहरी के रूप में जो जिम्मेदारी उस समय जेलों में रहे लोगों ने निभाई वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आपातकाल (25 जून 1975) भारतीय लोकतंत्र के काले अध्याय के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

50 वर्ष पूर्व हर वर्ग को बंधक बनाने का काम किया: अजित सिंह

भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह यादव ने कहा कि प्रदर्शनी एकमात्र उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश उस दौरान हुई लोकतंत्र और संविधान की हत्या को कभी न भूलें। उससे मिले सबक को हमेशा याद रखे। उन्होंने कहा कि आज से 50 वर्ष पूर्व हर वर्ग को बंधक बनाने का काम तत्कालीन सरकार ने किया था और उस दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए सचेत होने वाले राष्ट्र हितधारकों को जेलों में डाला गया था। महिला हो या युवा, बुजुर्ग हो या बच्चे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों की आवाज को दबाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में हर वर्ग को सम्मान दिया जा रहा है। तहसीलदार रोहताश पंवार ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लोकतंत्र के अंधकार युग के रूप में याद करते हुए आपातकाल के पीडि़तों को श्रद्धांजलि व सम्मान देने के लिए सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा उपमंडल स्थित लघु सचिवालय में यह प्रदर्शनी लगाई गई है। यह प्रदर्शनी अगले 10 दिनों तक जारी रहेगी जहां जाकर लोग आपातकाल से संबंधित जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर पटौदी के नायब तहसीलदार सुरजीत सिंह, एपीआरओ अमित कुमार, जिला महामंत्री प्रदीप सैनी, पटौदी मंडल अध्यक्ष अनूप सिंह यादव, बोहड़ाकलां मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top