Uttar Pradesh

भाजपा के उप्र महामंत्री संगठन का सात जुलाई को कानपुर दौरा,चल रहे अभियानों की करेंगे समीक्षा

धर्मपाल सिंह उप्र महामंत्री संगठन भाजपा का फोटो

कानपुर, 05 जुलाई (Udaipur Kiran) भारतीय जनता पार्टी उप्र के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह का सात जुलाई को कानपुर दौरा प्रस्तावित हुआ है। महामंत्री संगठन कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा करेंगे साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा की तैयारियों का भी जाएज़ा लेंगे। यह जानकारी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दीं।

भाजपा कानपुर बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि क्षेत्रीय मुख्यालय पर आयोजित बैठक की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर शनिवार को क्षेत्रीय मुख्यालय में तैयारियों की समीक्षा की गई, जिसमें बैठक की रूपरेखा, संगठनात्मक विषयों एवं जिलेवार कार्यक्रमों पर मंथन किया गया है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि आगामी सात जुलाई को महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ होने वाली बैठक के माध्यम से संगठन की जमीनी हकीकत का आंकलन करते हुए आने वाले महीनों के लिए दिशा निर्देश तय किए जाएंगे। साथ ही पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और बूथ सशक्तिकरण जैसे अभियानों की समीक्षा की जाएगी। यह बैठक संगठनात्मक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें पार्टी नेतृत्व आगामी कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आवश्यक निर्णय लेगा।

मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि यह बैठक भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय, कानपुर में आयोजित की जाएगी। बैठक में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी भाग लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, वर्तमान अभियानों की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करना है।

(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद

Most Popular

To Top