Jharkhand

सुरक्षा उपकरणों की खरीददार पर भाजपा का बयान निराधार : विनोद

विनोद पांडेय की फाइल फोटो

रांची, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर झूठा बयान देकर राज्यवासियों को भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

उन्‍होंने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा के प्रवक्ता भ्रष्टाचार पर बोलने पर अपना नैतिक अधिकार खो चुके हैं। उन्‍होंने कहा कि सुरक्षा उपकरण खरीददारी पर भाजपा की ओर से जिस तरह की बातें कही जा रही हैं वे पूरी तरह से निराधार हैं।

पार्टी महासचिव ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। सुरक्षा उपकरणों की खरीद से जुड़ा मामला शुरू से ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार देखा जा रहा है। शिकायत आने के बाद सरकार ने न केवल संज्ञान लिया बल्कि जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति की कार्यवाही नियमों के तहत चल रही है और निष्पक्ष रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि जब केंद्र में उनकी सरकार है, तब उन्होंने राज्य को जांच में सहयोग क्यों नहीं दिया। भाजपा नेता का बयान सिर्फ सुर्खि‍यां बटोरने और ईमानदार सरकार को बदनाम करने की कोशिश है।

पांडेय ने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे सख़्त रुख हेमंत सोरेन सरकार ने अपनाया है। सरकार हर शिकायत का संज्ञान लेती है, लेकिन किसी भी जांच को मीडिया ट्रायल का हिस्सा नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे बयान देने के बजाय तथ्यों का सम्मान करे और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा रखे। हेमंत सोरेन सरकार न तो किसी भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है और न ही किसी व्हिस्ल ब्लोअर को असुरक्षित बना रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top