Uttrakhand

कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस ने जताया विरोध, जमकर हुआ हंगामा

कांग्रेस मुख्यालय के समझ प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता।

देहरादून, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । देहरादून में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता उस वक्त आमने-सामने आ गए भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंच कर नारेबाजी करने लगे। कार्यालय का घेराव देखकर कांग्रेस कार्यकर्ता भी तैसे में आए गये और दोनों तरफ से जमकर जवाबी नारेबाजी हुई। करीब एक घंटे चली नारेबाजी के बीच पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

भाजपा महानगर देहरादून के अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में सोमवार को राजपुर रोड देहरादून स्थित कांग्रेस भवन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। भाजपा का यह प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माता के प्रति की गई अमर्यादित एवं अपमान जनक टिप्पणी के विरोध को दर्ज कराना था।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी से तत्काल सार्वजनिक माफी मांगने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या विपक्ष के नेता को इस स्तर तक गिरकर टिप्पणी करना अथवा करवाना न केवल अशोभनीय है, बल्कि भारतीय संस्कृति और मर्यादा के भी खिलाफ है।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की माता को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश की मातृशक्ति का अपमान है। कांग्रेस पार्टी को इसके लिए देश से क्षमा मांगनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की अभद्र एवं असंवेदनशील टिप्पणियाँ दोहराई गईं तो पार्टी उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

प्रदर्शन में राजपुर विधानसभा के विधायक खजान दास, कैंट विधायक सविता कपूर, राज्यमंत्री कैलाश पंत, विनोद उनियाल, पुनीत मित्तल, शादम शम्स, अनिल गोयल, भगवत प्रसाद मकवाना, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान आशीष रावत, सुरेन्द्र राणा, विजेंद्र थपलियाल, संकेत नौटियाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष देवेन्द्र बिष्ट, पारस गोयल तरुण, जैन पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे।

उधर, भाजपा के प्रदर्शन के जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध जताया। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने असामाजिक तत्वों के साथ मिल कर कांग्रेस के राजपुर रोड स्थित मुख्यालय राजीव भवन पर लाठी डंडों के साथ हल्ला बोल दिया। कांग्रेस इस संबंध में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को पत्र लिख कर पहले ही आगाह कर चुकी थी कि भाजपा देहरादून के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पटना जैसी घटना को दोहरा सकते हैं। इसलिए उनको कांग्रेस मुख्यालय तक आने से रोका जाए किंतु भारी पुलिस बंदोबस्त के बावजूद भाजपा के कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था परेड ग्राउंड से कांग्रेस व राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय तक पहुंचा।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ने एसपी सिटी व सिटी मैजिस्ट्रेट को उनके द्वारा डीजीपी को भेजी गई चिट्ठी दिखाते हुए कहा कि पूर्व सूचना के बावजूद भाजपाई कैसे हमारे मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को वापस भेजा जाए या गिरफ्तार किया जाए। महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने इस पर विरोध जताया।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ताहिर अली, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, आयुष गुप्ता, रॉबिन त्यागी, अर्जुन पासी, ललित भद्री, गरिमा माहरा दसौनी, डॉ प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, सुशीला शर्मा, मोहन काला, गुल मोहम्मद, पिया थापा, आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, उदयवीर पुंडीर, धर्मपाल घाघट आदि मौजूद रहे। कांग्रेस मुख्यालय में नेताओं ने पत्रकारों को संबोधित भी किया।

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Most Popular

To Top