West Bengal

बैंडेल मोड़ पर भाजपा का विरोध प्रदर्शन, आधे घंटे तक ठप रहा यातायात

बैंडेल मोड़ पर भाजपा का विरोध प्रदर्शन, आधे घंटे तक ठप रहा यातायात

हुगली, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । काकद्वीप की घटना के विरोध में शुक्रवार दोपहर हुगली सांगठनिक जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैंडेल मोड़ स्थित काली मंदिर में पूजा अर्चना के बाद विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने मां काली की प्रतीकात्मक तलवार हाथों में लेकर काकद्वीप की घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण करीब आधे घंटे तक बैंडेल मोड़ पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।

करीब 12:30 बजे बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाने में जुट गई। इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस और हल्की झड़प भी हुई। हालांकि पुलिस की तत्परता से प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटा दिया गया और यातायात सामान्य हुआ।

इस विरोध कार्यक्रम में हुगली सांगठनिक जिला भाजपा के महासचिव सुरेश साव, उपाध्यक्ष गोपाल उपाध्याय समेत कई स्थानीय नेता उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को काकद्वीप में काली मां की प्रतिमा का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था। स्थानीय लोगों के विरोध के दौरान पुलिस ने प्रतिमा को प्रिजन वैन में डाला था। इस घटना ने सारे देश को झकझोर कर रख दिया था। प्रतिमा खंडित करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top