Madhya Pradesh

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के नेतृत्व में भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता और मजबूत हुईः डॉ. मोहन यादव

कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव
कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल

भोपाल, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जबलपुर में संभागीय कार्यालय में जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय से जिस भी दायित्व को संभाला, अपने कार्य और निष्ठा से उस पद को और गरिमापूर्ण और प्रशंसनीय बना दिया है। हम सबके लिए यह बड़े सौभाग्य का दिन है कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने बैठक को संबोधित कर रहे हैं। यह कार्य संस्कृति भाजपा के अलावा देश के किसी अन्य राजनीतिक दल में नहीं है। नड्डा ने नेशनल मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की स्थापना कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तेजी से कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात भाजपा की जनजातियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की बारिश की है। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को जेकर जनसंघ की स्थापना हुई जो वर्तमान में भाजपा है, उसने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का जो संकल्प लिया था, उसे पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के इसी कार्यकाल में पूरा किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरा जम्मू-कश्मीर देश के साथ मिलकर केंद्र सरकार के साथ खड़ा था, यह भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता की मजबूती को दिखाता है। पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से वर्ष 2023 के विधानसभा और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक विजय मिली है। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के जनहितैषी कार्यों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर पार्टी संगठन को और मजबूती प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव व पंचायत के चुनाव अब सीधे होंगे। पार्टी है तो सरकार है और सरकार है तो प्रतिष्ठा है, इसलिए जनता के हित में कार्य करें। आने वाले समय में नगरीय निकाय, पंचायतों के चुनाव हैं, इसलिए इसके लिए प्रतिबद्व रहें।

कार्यकर्ता हर बूथ पर कमल खिलाने का लक्ष्य लेकर कार्य करें: खण्डेलवाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि आपका जबलपुर और मध्य प्रदेश से दिल का नाता रहा है, लेकिन मेरे प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आप पहली बार संस्कारधानी आए हैं, हम सभी कार्यकर्ता आपका हृदय से स्वागत करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के मार्गदर्शन में यह प्रदेश नई ऊंचाइयों पर जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है और दुनिया में मजबूती से खड़ा है। हर गरीब के आंसू पोंछने का काम प्रधानमंत्री जी कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में हम वह सारे काम कर पाए हैं जिसकी उम्मीद आज से 15 साल पहले का समाज नहीं करता था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और रोजगार के मामले में मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी और डॉ. यादव के कामों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे। नड्डा के नेतृत्व में पार्टी को जो मजबूती मिली है, उसे बरकरार रखते हुए हम प्रदेश के कोने-कोने में भारतीय जनता पार्टी को पहुंचाने का काम करेंगे। आपके मार्गदर्शन में हम हर व्यक्ति को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा में पद सिर्फ एक दायित्व होता है। हर कार्यकर्ता का वही महत्व है, जो किसी बड़े नेता का होता है। हम सब एक परिवार की तरह इस दल को मजबूत करने का काम करेंगे और देश के अन्य हिस्सों में जिस तरह से कमल खिला है, उसे मध्य प्रदेश में भी पूरी मजबूती से खिलाने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता जुटेगा। भाजपा का हर कार्यकर्ता इस देश के लिए और पार्टी के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने को तैयार है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को विश्वास दिलाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार की तरह है और हम सब मिलकर दल के आदर्शों पर चलने का प्रयास करेंगे।

बैठक को भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल एवं पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे मंचासीन रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार एवं आभार प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने माना।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top