
दरभंगा, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ को इंडि गठबंधन की सभा में गाली दिए जाने के विरोध में भाजपा द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का आज दरभंगा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक असर देखा गया। सुबह छह बजे से दोपहर बारह बजे तक गाँवों की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और अधिकतर दुकानें बंद रहीं।
नदियामी, कुरसो, कठवार और तारडीह प्रखंड के विभिन्न बाजारों में बंद का गहरा असर देखने को मिला। आँकड़ों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 70–75% दुकानें बंद रहीं और 60% से अधिक निजी वाहन सड़कों से गायब रहे। एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर और अन्य आवश्यक सेवाएँ निर्बाध रूप से चलती रहीं। वहीं, स्कूल और कोचिंग संस्थानों पर भी लगभग 65% तक ताले लटके रहे।
इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। नदियामी और कुरसो से भाजपा नेत्री रिंकु देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। कठवार से भाजपा प्रदेश महिला प्रवक्ता सुलेखा झा ने बंद को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम झा और महामंत्री दरभंगा संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने भी नेतृत्व किया। इसके अलावा, बीस सूत्रीय कार्यक्रम तारडीह प्रखंड अध्यक्ष माधव झा आजाद ने गाँव-गाँव जाकर बंद के असर का निरीक्षण किया।
ग्रामीण इलाकों में बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, लेकिन सुबह से लेकर दोपहर बारह बजे तक जनजीवन लगभग ठप रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे जनता का समर्थन और प्रधानमंत्री की गरिमा की रक्षा का प्रतीक बताया।
—————
(Udaipur Kiran) / Krishna Mohan Mishra
