Delhi

भाजपा युवा मोर्चा ने नशा मुक्ति अभियान के तहत दिल्ली में नमो युवा रन मैराथन का किया ऐलान

नमो युवा रन के बैनर को औपचारिक रूप से लॉन्च करते हुए भाजपा सांसद और विधायक।

नई दिल्ली, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा मोर्चा रविवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नशा मुक्ति अभियान के तहत नमो युवा रन मैराथन का आयोजन करेगी। इस अवसर पर शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नमो युवा रन के बैनर को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। यह मैराथन नशा मुक्ति, फिटनेस और आत्मनिर्भर भारत की थीम पर आधारित है। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या करेंगे।

इस कार्यक्रम में नई दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, पद्मश्री गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट सुधा सिंह, दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सागर त्यागी, युवा मोर्चा प्रभारी अभिषेक टंडन और युवा मोर्चा के मीडिया प्रमुख शुभम मलिक उपस्थित थे।

सांसद बांसुरी स्वराज ने शनिवार काे पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से महात्मा गांधी की जयंती तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के तहत पूरे देश में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए नमो युवा रन का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ भारतीयों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वे जानते हैं कि देश का युवा ही इसका भविष्य है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की नींव है। आज हम न केवल युवा सशक्तिकरण की बात करते हैं, बल्कि युवा नेतृत्व में देश को सुदृढ़ करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

उन्होंने नशे को देश की जड़ों को कमजोर करने वाला एक “कैंसर” करार देते हुए कहा कि दुश्मन इसका हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

स्वराज ने अपील की कि नशा मुक्त भारत के लिए सभी युवा पुरजोर आवाज उठाएं। उन्होंने बताया कि इस मैराथन में पद्मश्री सुधा सिंह के नेतृत्व में दिल्ली के 5000 से अधिक युवा हिस्सा लेंगे।

पद्मश्री सुधा सिंह ने कहा कि यह मैराथन विशेष रूप से युवाओं को नशे से मुक्त करने का एक अभियान है। अगर किसी परिवार का एक युवा नशे की लत में है, तो पूरा परिवार कमजोर हो जाता है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

सागर त्यागी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नमो युवा रन का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा। इस मैराथन में 5000 से अधिक युवा हिस्सा लेंगे। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नशा मुक्त भारत के संदेश को दिल्ली और देश के युवाओं तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण कदम है।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top