
लखनऊ, 09 जुलाई (हि स)। भारतीय जनता पार्टी ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत बुधवार को प्रदेश में बूथ स्तर पर पाैधराेपण किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने हरदोई के संडीला में पाैधराेपण किया। जबकि प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्ति केन्द्र तथा बूथ के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, नगर निगम, नगरपालिका, नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, आयोग, निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य, जिला पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, ब्लाक प्रमुख समेत सभी जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के कार्यकर्ता पौधारोपण करने के लिए बूथ पर पहुंचे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन के संकल्प के साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान के साथ जुड़कर वृक्ष लगाने का आह्वान किया। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के साथ देश के जनमानस ने जुड़कर प्रकृति संरक्षण को जन जन की जिम्मेदारी मानकर जनांदोलन बना दिया है। उन्होंने कहा कि पाैधराेपण के पश्चात रोपित वृक्ष की उसी प्रकार देखभाल करना है जैसी मां अपने बच्चों की देखभाल करती है। उन्होंने कहा कि आपके द्वारा रोपित पौधा आगे चलकर जब विशालकाय वृक्ष का रूप लेगा तो आपके अलावा आने वाली कई पीढ़ियों को फल और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनैतिक कार्यों के साथ ही सांस्कृतिक व सामाजिक दायित्वों के साथ प्रदूषण मुक्त प्राकृतिक वातावरण के लिए सतत कार्य कर रही है। तमाम विपक्षी दलों के नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय होकर कार्य करते है। जबकि भाजपा राष्ट्रीय, सांस्कृतिक, सामाजिक सरोकार से जुडे़ कार्यों, सेवा कार्यों तथा पर्यावरण संरक्षण के पुनीत कार्य को भी अपना दायित्व मानकर करती है।
—————
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
