शिमला, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सरदार पटेल जयंती के प्रदेश संयोजक बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्तूबर से 25 नवम्बर तक प्रदेशभर में जन-जागरण पद यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में लोकसभा क्षेत्रों के अनुसार इन यात्राओं का आयोजन कर रही है। प्रत्येक जिले में लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद पद यात्रा में भाग लेंगे। इन यात्राओं के माध्यम से सरदार पटेल के देश के प्रति योगदान को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। शर्मा ने बताया कि हर संसदीय क्षेत्र के जिलों में तीन दिन तक लगभग 6–7 किलोमीटर लंबी पद यात्राएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पद यात्रा से पहले स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता, संगोष्ठियाँ और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। युवाओं को नशामुक्त भारत शपथ दिलाई जाएगी, स्वदेशी मेलों का आयोजन किया जाएगा और “गर्व से स्वदेशी” का संकल्प लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त योग शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। पद यात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमाणपत्र वितरण भी होगा।
भाजपा युवा मोर्चा की परिचयात्मक बैठक संपन्न
प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा की परिचयात्मक बैठक शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय शिमला में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा और युवा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
बैठक में आगामी सरदार पटेल जयंती पद यात्राओं की रूपरेखा पर चर्चा हुई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ और मंडल स्तर पर युवाओं को भाजपा से जोड़ने के अभियान को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही भविष्य की सफलता का आधार बनेगी।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला