Jharkhand

झारखंड में भाजपा हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेगी

फाइल फोटो बाबूलाल मरांडी

रांची, 06 नवंबर( हि.स.)। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार पार्ट-2 के एक वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आरोप पत्र जारी किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को इस संबंध में आरोप पत्र तैयार करने के लिए एक सात सदस्यीय आरोप पत्र समिति का गठन किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से गठित समिति में झारखंड विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक और विधायक नवीन जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ,पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ,प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद एवं प्रवक्ता गीता कोड़ा तथा अंत्योदय के संपादक रविनाथ किशोर शामिल हैं।

समिति की घोषणा करते हुए प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि जनता हेमंत सरकार की वादा खिलाफी, भ्रष्टाचार और पूरी तरह से ध्वस्त विधि-व्यवस्था से त्रस्त है। प्रदेश भाजपा आरोप पत्र के माध्यम से हेमंत सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे