Uttrakhand

सरदार पटेल की जयंती पर आम जन से संवाद करेगी भाजपा

देहरादून, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भाजपा सरदार@150 अभियान के तहत विधानसभा स्तर पर पदयात्राओं के माध्यम से जनता से जुड़ने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने एक बैठक में इस संबंध में विधायकों समेत सभी जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों को कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पार्टी के आगामी कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रुप देने के लिए शनिवार को विधायकों, महापौर, प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी व मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों की वर्चुअल बैठक को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर से प्रारंभ भारत रत्न स्वर्गीय वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती समेत राज्य स्थापना रजत जयंती, मन की बात और आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इन अभियानों के पीछे पार्टी का मकसद स्पष्ट है कि सरदार पटेल के विचारों को जन जन तक स्थापित करना, 25 वर्षों की उपलब्धियों पर विमर्श के साथ योजनाओं का लाभ नीचे तक पहुंचाना, विकसित राज्य की अवधारणा चरितार्थ के लिए जनता में उत्साह सृजन करना। जिसके लिए उन्होंने सभी पार्टीजनों, विशेषकर विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि संख्या की दृष्टि से कार्यक्रमों को भव्यतम स्वरूप दिया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य कार्यक्रम का आयोजन सरकार द्वारा होगा, लेकिन हमारा प्रयास उनमें जनता की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का होना चाहिए। बैठक में सरकार की तरफ से सरदार पटेल जयंती अभियान का नेतृत्व करने वाली कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने विस्तृत रूप से कार्यक्रमों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को जयंती के अवसर पर विधानसभा स्तर पर रन फॉर यूनिटी दौड़ आयोजित की जाएगी। जिसके बाद 1 से 25 नवंबर तक प्रत्येक विधानसभा में 8 से 10 किलोमीटर की अलग अलग पदयात्राएं संचालित की जाएंगी। जिनका नेतृत्व सांसद, विधायक, सरकार में दायित्वधारी प्रमुख रूप से करेंगे। इसके अतिरिक्त सरदार@150 विषय आधारित क्विज, स्लोगन प्रतियोगिता, विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने अभियान से जुड़े सभी पहलुओं की बारीक जानकारी देते हुए, अभियान को बूथ स्तर ले जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, इन सभी कार्यक्रमों में स्थानीय महत्वपूर्ण सेलिब्रेटी से लेकर हार आमोखास को बड़ी संख्या में जोड़ना है। इस दौरान प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने सरदार@150 अभियान और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने रजत जयंती वर्ष कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

बैठक में विधायक राम सिंह खेड़ा, बृजभूषण गैरोला, सहदेव पुंडीर, राजकुमार पोरी, उमेश शर्मा, भरत चौधरी, आशा नौटियाल शक्तिलाल शाह, विनोद कंडारी, दिलीप महंत, सुरेश गाड़िया, प्रमोद नैनवाल समेत अनेक विधायक शामिल हुए।

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Most Popular

To Top