

अंबिकापुर, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू किए गए जीएसटी 2.0 सुधारों को किसानों, व्यापारियों, मध्यमवर्ग और आमजन के लिए बड़ा सहारा बताते हुए भाजपा सरगुजा संभाग अंतर्गत व्यापार, आर्थिक एवं व्यावसायिक प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को होटल पर्पल में अभिनंदन एवं आभार समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय, मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री राजेश अग्रवाल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रदेश संयोजक लाभचंद बाफना, विधायकगण, जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि टैक्स व्यवस्था प्राचीन काल से समाज और राष्ट्र संचालन का आधार रही है, लेकिन कांग्रेस शासनकाल ने इसे जटिल और असंगठित बना दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने पाँच स्लैब को घटाकर दो कर दिया और टैक्स को सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाया। उन्होंने कहा कि जैसे सूर्य जल को भाप में लेकर वर्षा के रूप में लौटाता है, वैसे ही जीएसटी देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा और विकास की वर्षा से सींच रहा है।
मुख्य वक्ता मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि “वन नेशन, वन टैक्स” भारत के इतिहास का सबसे बड़ा कर सुधार है। 2014 में जब मोदी जी ने देश की बागडोर संभाली, तब अर्थव्यवस्था चरमराई हुई थी। नोटबंदी, जीएसटी, जनधन, उज्ज्वला, आवास, शौचालय, बिजली और सड़क जैसी योजनाओं ने गरीब और किसान वर्ग को सशक्त आधार दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि जीएसटी 2.0 केवल कर सुधार नहीं, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारत को कभी “सोने की चिड़िया” कहा जाता था, लेकिन गुलामी और कांग्रेस शासन ने देश को कमजोर कर दिया। आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि अब टैक्स पेयर्स की संख्या बढ़ाना जरूरी है ताकि विकास के लिए और संसाधन जुटाए जा सकें।
प्रदेश संयोजक लाभचंद बाफना ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की टैक्स व्यवस्था आम जनता और व्यापारियों के लिए कठिनाईपूर्ण थी, जिसे मोदी सरकार ने सरल और प्रभावी बनाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल जैसी वैश्विक चुनौती में भी मोदी जी ने भारत को मजबूती प्रदान की।
कार्यक्रम के बीच वरिष्ठ टैक्स अधिवक्ता सुलोचना पांडे का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, उद्धेश्वरी पैकरा, भूलन सिंह मराबी, पूर्व मंत्री राम सेवक पैकरा, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर, महापौर मंजूषा भगत, जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक मुकेश गर्ग ने किया और आभार प्रदर्शन जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, व्यापारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह
