मुंबई, 09 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने गुरुवार को मुंबई में विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार के अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए 31,628 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक पैकेज घोषित करने के बाद विपक्ष की नींद उड़ गई है।
प्रदेश प्रवक्ता बन गुरुवार को मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पैकेज के विरुद्ध विपक्षी नेता दुष्प्रचार कर रहे हैं। महाराष्ट्र के किसान जागरुक हैं और वे विपक्ष की इस हरकत का करारा जवाब हाल ही में होने वाले स्थानीय चुनावों में विपक्ष को देंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा नीत युति सरकार की ओर से बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित किसानों के लिए मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक पैकेज का ऐलान किया है। इस पैकेज की रकम कल से किसानों के खातों में सीधे मदद जमा होना शुरू हो गई है। भाजपा महायुति सरकार और केंद्र सरकार आगे भी किसानों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
बन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस की कार्यक्षमता की वजह से किसी प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और लोकार्पण दोनों करना इन दोनों नेताओं की खासियत बन गया है। जो लोग सर्वांगीण विकास के काम हाथ में लेते हैं, उन्हें उद्घाटन करने का पूरा अधिकार होता है। इसी कड़ी को आगे रखते हुए भाजपा विकास कार्यों को महत्व दे रही है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
