
रांची, 11 जुलाई (Udaipur Kiran) । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर राजनीति में दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एक तरफ वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में भेजा जाता है, तो दूसरी ओर केंद्र की सरकार में 80 वर्षीय नेता जीतन राम मांझी को कैबिनेट में केवल राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए जगह दी जाती है। सुप्रियो शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सितंबर का दूसरा सप्ताह देश की राजनीति में परिवर्तन की दस्तक दे सकता है। भाजपा को संचालित करनेवाले संगठन के महत्वपूर्ण पद के व्यक्ति ने जब 10 जुलाई को अपने दिए गए बयान में कहा कि उनकी बातों को हल्के में लिया जाता है। सुप्रियो ने कहा कि यह गलत है, क्योंकि जैसे ही कोई 75 वर्ष का होता है, उसे शॉल ओढ़ा दी जाती है, मानो अब वह किसी काम का नहीं रहा।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह कथन केवल प्रतीकात्मक नहीं बल्कि राजनीतिक संकेत है, जो सीधे केंद्र सरकार और भाजपा की आगामी रणनीति की ओर इशारा करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संगठन का यह दोहरा मापदंड अब जनता के सामने आ चुका है।
भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि संचालक की भूमिका वाले संगठन और भाजपा की राजनीति अब केवल सत्ता तक सीमित हो गई है। वरिष्ठ नेताओं को केवल तभी महत्व दिया जाता है जब तक कि वे सत्ता के रास्ते में नहीं आते। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष की समाप्ति और नवरात्र की शुरुआत से ठीक पहले देश एक राजनीतिक तर्पण का साक्षी बन सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
