किसी को वोट डालनी ना आए तो हम क्या कर सकते हैं, कांग्रेस पार्टी को देनी चाहिए थी ट्रेनिंग
हरियाणा सरकार के बाढ़ मुआवजे पर कांग्रेस के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
रोहतक, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । उपराष्ट्रपति के चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा क्रॉस वोटिंग करने का आरोप लगाने पर हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि पहले तो अपने सांसदों को वोट डालने की ट्रेनिंग नहीं देते और फिर क्रॉस वोट होती हैं तो ऐसे आरोप लगाते हैं। भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनाव से पहले अपने सांसदों को वोट डालने की ट्रेनिंग देती है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी चुनाव से पहले यह ट्रेनिंग ली थी। इसलिए कांग्रेस पार्टी को भी अपने सांसदों को ट्रेनिंग देनी चाहिए थी।
मोहनलाल बड़ौली बुधवार को रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के लॉ डिपार्टमेंट में वन नेशन वन इलेक्शन सेमिनार में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। साथ ही उन्होंने बाढ़ राहत की हरियाणा सरकार की घोषणा पर कांग्रेस पार्टी के सवाल उठाने को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले यह देखना चाहिए कि जहां पर उनकी सरकारें हैं वह आपदा के दौरान क्या देते हैं।
हरियाणा सरकार ने तो सभी बाढ़ पीड़ित राज्यों की मदद की है। यही नहीं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता बाढ़ पीड़ित क्षेत्र में पहुंचकर जरूरतमंदों की मदद करते हुए नजर आया है। वहीं उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी ने जो संगठन बनाया है वह भाई भतीजा वाद के दम पर बना है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के संगठन में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाती है। अभय सिंह चौटाला द्वारा मुख्यमंत्री नायब सैनी पर किए गए कटाक्ष को लेकर मोहनलाल बडोली ने कहा कि अभय सिंह चौटाला को तो खुद ही यह नहीं पता है कि वह क्या बोल रहे हैं और उनकी इसी बात की वजह से प्रदेश की जनता ने उन्हें चुनाव के दौरान नकार दिया था।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल
