Madhya Pradesh

स्वागत रैली में चोटिल हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत, फिर भी निभायी रोड शो की जिम्मेदारी

भाजपा प्रदेशाध्‍यक्ष हेमन्‍त खण्‍डेलवाल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल आठनेर रैली में

भोपाल, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्‍य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार को आयोजित स्वागत रैली के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल चोटिल

हो गए। इसके बावजूद भी प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल ने अपने रोड शो की जिम्मेदारी निभायी।

दरअसल, आठनेर क्षेत्र में रैली में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के चलते वाहन पर चढ़ते समय उनका हाथ जीप के गेट में फंस गया। उंगलियों में चोट लगने और तेज दर्द के चलते उन्हें चक्कर आ गया। अचानक हुई इस स्थिति से कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत डीजे की आवाज बंद कर दी और प्रदेशाध्यक्ष को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया।

प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल का प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि ज्यादा चिंता की बात नहीं है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि उंगली में चोट और तेज दर्द के कारण उन्हें चक्कर आया था, फिलहाल उनकी हालत पूरी तरह सामान्य है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. देवेंद्र चढ़ोकर ने बताया कि खंडेलवाल की उंगलियों में चोट जरूर है, लेकिन किसी प्रकार की गंभीर समस्या नहीं है। एक्स-रे रिपोर्ट भी सामान्य पाई गई है। उन्हें आराम की सलाह दी गई है। उन्हें उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

जिला भाजपा उपाध्यक्ष कृष्णा गायकी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भीड़भाड़ के समय हेमंत भैया वाहन के गेट पर थे। उसी दौरान अचानक जीप का दरवाजा बंद हो गया, जिससे उनकी दो उंगलियां दब गईं। चोट लगने से खून भी निकल आया और दर्द की वजह से वे असहज हो गए। कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

उल्‍लेखनीय है कि हेमंत खंडेलवाल के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली आठनेर यात्रा थी। उनके स्वागत को लेकर नगरवासियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह पुष्पवर्षा, तुलादान और स्वागत समारोहों का आयोजन किया गया था। इस कारण बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उनका स्वागत करने पहुंचे थे। चोट लगने और अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं होने दिया। डिस्चार्ज होते ही वे सीधे रोड शो में शामिल हुए और नगर में आयोजित सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहे। उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्यार और विश्वास उनके लिए ऊर्जा का स्रोत है।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Most Popular

To Top