शिमला, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने राज्य में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आपदा में राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोगों से राहत कोष में यथासंभव अंशदान देने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने का अनुरोध भी किया।
प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को कहा है कि हिमाचल प्रदेश इस समय भारी बारिश और भूस्खलन जैसी आपदाओं से जूझ रहा है। लेकिन ऐसे समय में भाजपा द्वारा राजनीति राजनीति करना ठीक नहीं है। भाजपा के नेता आपदा राहत कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार की राजनीति न करें और प्रदेशवासियों के दुख-दर्द को समझें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं के कारण जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। कई लोगों की जानें गई हैं, अनेक घर उजड़ गए हैं, सड़कों को नुकसान हुआ है और बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित हुई हैं। साथ ही किसानों और बागवानों की फसलें भी बर्बाद हो गई हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी गहरा असर पड़ा है।
प्रतिभा सिंह ने आपदा के इस समय में जन सहयोग की भी अपील की। उन्होंने लोगों से राहत कोष में यथासंभव अंशदान देने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने का अनुरोध किया।
उन्होंने उन राज्यों का भी धन्यवाद किया जो इस कठिन समय में हिमाचल प्रदेश की आर्थिक और सामग्री के रूप में सहायता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से प्रदेश को पुनर्निर्माण में बल मिलेगा और प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पूरी तरह से आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए तत्पर है। सरकार द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत, बिजली और पेयजल आपूर्ति की बहाली के कार्य तेज़ी से किए गए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हर प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तरह से वचनबद्ध है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
