Delhi

भाजपा सांसदों ने विद्यार्थियों को ‘खेलो इंडिया’ की भावना को दिनचर्या में लाने के लिए किया प्रेरित

पश्चिमी दिल्ली  स्थित अशोक नगर सर्वोदया बाल विद्यालय में महिला हॉकी लीग की शुरुआत करती की भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत

नई दिल्ली, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली के भाजपा सांसदों ने आज राष्ट्रीय खेल दिवस खेल प्रतियोगिताओं में पहुंचकर विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सांसदों ने विद्यार्थियों को ‘खेलो इंडिया’ की भावना को प्रत्यक्ष रूप से दिनचर्या में लाने के लिए प्रेरित किया।

नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर केंद्रीय विद्यालय नंबर-2, दिल्ली कैंट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुई। उन्होंने यहां राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। स्वराज ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों के साथ फिटनेस की शपथ ली, जिसमें शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से सशक्त और भावनात्मक रूप से संतुलित जीवन जीने तथा परिवार एवं मित्रों को प्रतिदिन खेल एवं फिटनेस गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को एक घंटा खेल मैदान में सक्रिय सहभागिता ‘खेलो इंडिया’ की भावना को प्रत्यक्ष रूप से दिनचर्या में लाने के लिए प्रेरित किया।

पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत ने आज अशोक नगर सर्वोदया बाल विद्यालय में महिला हॉकी लीग की शुरुआत कर अपनी लोकसभा सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। यह जानकारी उन्होंने एक्स पर साझा की। सहरावत ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए बेटियों को खेल के मैदान से जोड़ना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। खेलों के माध्यम से न सिर्फ शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना भी मजबूत होती है।

दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति और खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने यहां प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने बच्चों को खेल का महत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र के आह्वान पर स्वास्थ्य पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की बात कही। बिधूड़ी ने प्रधानमंत्री मोदी के खेल, योग, जैविक खेती और तेल के कम प्रयोग से हर देशवासी को स्वस्थ रहने के संदेश को यहां बच्चों तक पहुंचाया। इस अवसर पर विधायक गजेंद्र यादव, डीएम लक्ष्य सिंघल, एडीएम राहुल सैनी तथा शिक्षा विभाग उपनिदेशक (दक्षिण) अनिल कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल आज सर्वोदय विद्यालय तिमारपुर में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन किया। इस अवसर पर भाजपा विधायक सूर्य प्रकाश खत्री उपस्थित रहे। खंडेलवाल ने कहा कि खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह और खेलों के प्रति उनकी लगन को देखकर प्रसन्नता हुई। यह जानकारी उन्होंने एक्स पर साझा की।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top