West Bengal

नागराकाटा हमले के बाद भाजपा सांसद खगेन मुर्मू को मिली ‘वाई प्लस’ सुरक्षा

खगेन

कोलकाता, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । डुआर्स के नागराकाटा में हमले के बाद केंद्र सरकार ने मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू की सुरक्षा बढ़ा दी है। अब उन्हें ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। सोमवार को केंद्र की ओर से इस संबंध में आधिकारिक सूचना दी गई। इससे पहले विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी।

गौरतलब है कि, लगभग तीन सप्ताह पहले डुआर्स के नागराकाटा क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हमला हुआ था। बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने गए भाजपा प्रतिनिधिमंडल में विधायक शंकर घोष भी शामिल थे। मौके पर मौजूद अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने प्रतिनिधिमंडल पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया था। इस हमले में कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं और खगेन मुर्मू तथा शंकर घोष घायल हो गए थे।

हमले में सांसद मुर्मू की आंख के नीचे की हड्डी टूट गई थी। फिलहाल वह अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उनकी हालत में सुधार हो रहा है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के एम्स ले जाने की भी योजना बनी थी। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उत्तर बंगाल दौरे के दौरान अस्पताल जाकर घायल सांसद से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।——————

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top