कोलकाता, 5 सितम्बर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बर्धमान जिले की आसनसोल (दक्षिण) सीट से भारतीय जनता पार्टी की विधायक अग्निमित्रा पॉल को शुक्रवार दोपहर ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद उन्हें पूर्वी कोलकाता स्थित ईस्टर्न मेट्रोपोलिटन बाइपास के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद उन्हें अगले 48 घंटे तक निगरानी में रखने का फैसला किया है। उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि फिलहाल किसी अंग पर स्ट्रोक का असर नहीं दिखा है और वह अपने परिजनों से बातचीत भी कर पा रही हैं।
अग्निमित्रा पॉल गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र के अंतिम दिन सबसे आगे रहकर विरोध कर रही थीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाषण के दौरान वह अन्य भाजपा विधायकों के साथ नारे लगाते हुए वेल तक पहुंचीं। इसी हंगामे के बाद उन्हें समेत पांच भाजपा विधायकों को दो घंटे के भीतर निलंबित कर दिया गया था।
वेल में मार्शलों के साथ हुई झड़प के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक शंकर घोष और विधायक बंकिम घोष को भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से फोन पर दोनों विधायकों की तबीयत की जानकारी ली। नड्डा ने झड़प से जुड़े फोटो और वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर मांगे थे।—————–
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
