Uttar Pradesh

भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस कार्यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा महिलामोर्चा का प्रदर्शन

जमकर हुई नारेबाजी, धक्का-मुक्की,पुलिस ने संभाला मोर्चा

झांसी, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । मातृ शक्ति का ये अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान, कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद, महिलाओं के सम्मान में भाजपा मैदान में जैसे नारों के साथ मूसलाधार बारिश के बीच भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी जमकर नारेबाजी करते नजर आए। दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। जिसके चलते दोनों ओर के बीच-बचाव में पुलिस भी जूझती नजर आई। मौके की स्थिति को देखते हुए शहर कोतवाल सहित कई थानों के भारी पुलिस बल ने कानून व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाले रखा। बड़ी मशक्कत के बाद किसी प्रकार पुलिस के द्वारा समझाने के बाद महिला मोर्चा कार्यकर्ता वहां से हटीं तब जाकर मामला शान्त हुआ।

बिहार में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओर उनकी मां पर की गई टिप्पणी के बाद भाजपाइयों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पूरे देश में भाजपाइयों और भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन चल रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा की महिला मोर्चा के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं भाजपा कार्यकर्ता शहर मानिक चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। ऐन वक्त पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इधर सूचना पर कांग्रेस के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। दोनों ओर से एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने सभी को शान्त कराया। पुलिस के द्वारा समझाने के प्रयास के बाद भाजपा महिला मोर्चा अपने अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई।

महानगर अध्यक्ष हेमन्त परिहार ने बताया कि बिहार में कांग्रेस के राहुल गांधी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गाेलोकवासी मां के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। उसके चलते आज प्रदेशव्यापी आंदोलन महिला मोर्चा द्वारा किया गया है। साथ ही राहुल गांधी से देश के प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगने का आह्वान किया गया है।

महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष सुमन पुरोहित ने कहा कि राहुल गांधी ने महिलाओं के खिलाफ अपनी सोच प्रदर्शित की है। हमारी मांग है कि राहुल गांधी इसके लिए माफी मांगें और इस्तीफा दें। वहीं जिलाध्यक्ष प्रीति शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस की घटिया सोच का परिणाम है। इसके लिए राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक माफी मांगना चाहिए। महिला मोर्चा इसकी घोर निंदा करता है।

इस अवसर पर प्रियंका साहू,कविता शर्मा,सुशीला दुबे,शीतल कुशवाहा,रश्मि हयारण,श्वेता नामदेव आदि दर्जनों महिलाएं उपस्थित रही।

गायब दिखीं सेल्फी पसंद कार्यकर्ता

भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान खाटी व पार्टी को समर्पित कहे जाने वाली महिला कार्यकत्री बीच बारिश में भी जान फूंकती नजर आईं। उनका उत्साह वर्धन महानगर के भाजपा अध्यक्ष की टीम करती नजर आई। वहीं बात-बात में सेल्फी अपलोड करने वाली महिला कार्यकत्रियों की टीम गायब नजर आई। यह बात चर्चाओं में रही।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top