Jammu & Kashmir

कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन

कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन

जम्मू, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाजपा महिला मोर्चा जम्मू-कश्मीर ने रविवार को कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदरणीय माता के विरुद्ध की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट नेहा महाजन के नेतृत्व में रेजिडेंसी रोड पार्किंग से कांग्रेस पार्टी कार्यालय तक एक विशाल विरोध मार्च निकाला गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष प्रिया सेठी और एडवोकेट रेखा महाजन, भाजपा महासचिव संजीता डोगरा सहित वरिष्ठ नेतृत्व भी उपस्थित रहा। महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी की कथित महिला विरोधी सोच को उजागर करते हुए जमकर नारेबाजी की और शेम शेम कांग्रेस शेम, मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान और कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए।

प्रिया सेठी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माता का अपमान करके कांग्रेस ने हर भारतीय महिला की गरिमा पर चोट की है। यह हमारी सभ्यता और संस्कारों पर हमला है। एडवोकेट रेखा महाजन ने कहा कि यह कांग्रेस की हताशा और जनता से कटाव का प्रमाण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय संस्कृति में मां को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और उनका अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

भाजपा महासचिव संजीता डोगरा ने कहा कि कांग्रेस अब नैतिक मूल्यों से भटक चुकी है। उनके शब्द कमजोरी और निराशा को दर्शाते हैं। जम्मू-कश्मीर की महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी के साथ मजबूती से खड़ी हैं और अपमान की राजनीति को नकारती हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही एडवोकेट नेहा महाजन ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान उनकी मानसिक दिवालियापन का परिचायक हैं। यह केवल एक मां का नहीं, बल्कि पूरे देश की माताओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत की माताओं और बेटियों से माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि जम्मू-कश्मीर की महिलाएं मातृत्व और भारत माता के सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा डटकर खड़ी रहेंगी।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top