Haryana

नारनौल में भाजपा महिला मोर्चा की टीम घर-घर जाकर करवाएंगी लाडो लक्ष्मी योजना का आवेदन

पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रधान भारती सैनी व अन्य।

नारनाैल, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना की घोषणा कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। इस योजना के लागू हो जाने के बाद महिलाओं को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए पुरुषों के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं रहेगी। यह बात भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रधान भारती सैनी ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही।

उन्होंने बताया कि इस योजना के सही ढंग से क्रियान्वयन के लिए भाजपा महिला मोर्चा की टीम घर-घर जाकर महिलाओं को इसके बारे में बताएगी तथा एप के माध्यम से महिलाओं को इस योजना का लाभ दिलवाने के लिए आवेदन करवाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए आवेदन करना बहुत ही सरल होगा। जिसके तहत महिलाओं को अपने मोबाइल में एक एप को इंस्टॉल करना होगा, जिसके बाद बड़ी आसानी से आवेदन किया जा सकता है।

ये आवेदन 25 सितंबर से शुरू होंगे। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता भी सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 22 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। जिन महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा उनके पास मैसेज भी आएगा। फिर भी यदि किसी लाभार्थी महिला के पास इसका मैसेज नहीं आया तो उसकी पूरी मदद कार्यकर्ताओं द्वारा की जाएगी। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष यतेंद्र यादव व महासचिव अर्चना कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Most Popular

To Top