Delhi

भाजपा नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, राजनीतिक हस्तियों ने दी अंतिम विदाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ भाजपा सांसद।

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का बुधवार को लोधी रोड श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मंगलवार सुबह 94 वर्ष की आयु में दिल्ली के एम्स में उनका निधन हो गया था।

अंतिम संस्कार में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद कमलजीत सेहरावत, बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियां, पार्टी कार्यकर्ता और परिजन नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। वहीं, दिल्ली सरकार ने उनके निधन पर एक दिना का राजकीय शोक घोषित किया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए लिखा, श्रद्धेय प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा को अंतिम प्रणाम कर अश्रुपूरित विदाई दी। श्रद्धेय विजय कुमार मल्होत्रा का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण, संघर्ष और तपस्या का अनुपम उदाहरण रहा। उनका जीवन एक तपस्वी का आलोक था, जिसने दिल्ली भारतीय जनता पार्टी को वैचारिक दृढ़ता और नैतिक बल प्रदान किया। उनके नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं में स्नेहपूर्ण एकता और कर्तव्यनिष्ठा का संचार किया, जो संगठन के उत्थान का आधार बना। उनकी प्रत्येक सांस समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित थी, जो हमें सदैव प्रेरित करती रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

उल्लेखनीय है कि प्रो. मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर (अब पाकिस्तान) में हुआ था। 2014 लोकसभा चुनाव में 82 वर्ष की आयु में उन्होंने दिल्ली भाजपा के अभियान प्रमुख के रूप में पार्टी को सातों सीटों पर जीत दिलाई। प्रो. मल्होत्रा को भाजपा का मजबूत स्तंभ माना जाता था। उनका जीवन सादगी, जनसेवा और संघ की विचारधारा के प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा। वे पांच बार सांसद, दो बार विधायक और दिल्ली विधानसभा (2008-2013) में नेता प्रतिपक्ष रहे। 1990 के दशक में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को लोकसभा चुनाव में हराया था। वाजपेयी सरकार में वे मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री भी रहे। दिल्ली के विकास में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा, जिसमें 1970-75 के मुख्य कार्यकारी पार्षद काल में पटेल नगर को मोती नगर से जोड़ने वाले पहले फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top