CRIME

गोली लगने से घायल भाजपा नेता ने तोड़ा दम, गंभीर अवस्था में उदयपुर किया था रेफर

चित्तौड़गढ़ पुलिस ने भाजपा नेता को गोली मारने वाले का फोटो जारी किया है।

चित्तौड़गढ़, 11 नवंबर (Udaipur Kiran) । शहर के कोतवाली थाना इलाके में मंगलवार को गोली लगने से घायल हुए भाजपा नेता एवं कुरियर व्यवसाई रमेश ईनाणी की उपचार के दौरान उदयपुर चिकित्सालय में देर शाम मौत हो गई। वहीं गोली मारने के मामले में चित्तौड़गढ़ पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। इस मामले में गोली मारने वाले संदिग्ध युवक का सीसी टीवी फुटेज मिला है।इस फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।

चित्तौड़गढ़ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सिटी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात बाइक सवार ने कोरियर व्यवसाई एवं भाजपा नेता रमेश ईनाणी को गोली मार दी थी। इस मामले में पुलिस ने तत्काल अनुसंधान शुरू किया। घायल कुरियर व्यवसाई को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में उदयपुर रैफर कर दिया। यहां उदयपुर के गीतांजली चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। यहां गंभीर अवस्था को देखते हुवे ईनाणी को गहन चिकित्सा ईकाई में भर्ती किया हुआ था। यहां देर शाम करीब 6.30 बजे ईनाणी ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी गई है। शव को रात में चित्तौड़गढ़ लाया जाएगा। ऐसे में बुधवार को शव के पोस्टमार्टम की कार्यवाही होगी। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरितासिंह ने बताया कि कुरियर व्यवसाई को गंभीर अवस्था में उदयपुर रेफर किया था। यहां देर शाम उनका निधन हो गया। इस मामले में पुलिस अग्रिम कार्यवाही कर रही है। इधर, शहर में व्यवसाई रमेश ईनाणी पर हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने मुख्य संदिग्ध का फुटेज जारी किया है। फोटो व वीडियो फुटेज के आधार पर मुख्य संदिग्ध की पहचान की जा रही है।पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि व्यवसाई रमेश ईनाणी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने आयुध हथियार से फायर दिया था। बाद में आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने घटना व आस-पास के इलाकों के सीसी टीवी फुटेज खंगाले। इस पर एक मुख्य संदिग्ध व्यक्ति द्वारा फायर करना सामने आया है। इस संदिग्ध व्यक्ति की वीडियो व फोटो जारी किए हैं। संदिग्ध के बारे में सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल