
चंडीगढ़, 5 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा रविवार को शुरू की गई सदभाव यात्रा पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही जोडऩे का काम किया है। चौधरी बीरेंद्र सिंह दशकों तक कांग्रेस में रहे लेकिन कांग्रेस ने उन्हें कोई अहमियत नहीं दी। भाजपा ने चौधरी बीरेंद्र सिंह को केंद्र में मंत्री बनाया। मोदी सरकार में बीरेंद्र सिंह हैवी वेट मंत्री रहे हैं। इसके अलावा उनके बेटे बृजेंद्र सिंह को सांसद बनाया। चौधरी बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेम लता को विधायक बनाया। चौधरी बीरेंद्र सिंह के परिवार को कांग्रेस ने कभी इतना नहीं दिया। कांग्रेस ने तो उनकी टिकट काटने का काम किया था। नायब सैनी ने सीधा कटाक्ष करने की बजाए कहा कि चौधरी बीरेंद्र सिंह सुलझे हुए नेता हैं।
हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी हमेशा कंफ्यूज रहते हैं। राव नरेंद्र को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद चर्चा में आए सीएलयू सीडी कांड पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में जब कांग्रेस की सरकार थी तब इस तरह के कार्य होते थे। सीएम ने कहा राव नरेंद्र सिंह भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ग्रुप के ही व्यक्ति हैं। हरियाणा में कांग्रेस सरकार के समय में हुड्डा के मुख्यमंत्री रहते हुए ऊपर भी सेवा होती थी। सैनी ने व्यांगात्मक लहजे में कहा कि तब हरियाणा से ही दूध और मक्खन जाता था। कांग्रेस पर सीएम ने निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि इस समय कांग्रेस को देश व प्रदेश की कोई चिंता नहीं है। कांग्रेस कहीं पर भी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका नहीं निभा रही है। कांग्रेस में अपने बच्चों को सेट करने की लड़ाई चल रही है। नेता अपने बच्चों को एडज़स्ट करने में लगे हुए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
