Jharkhand

भाजपा को महिलाओं के मुद्दों पर राजनीति करने का हक नहीं : विनोद

विनोद पांडेय की फोटो

रांची, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा झारखंड में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहा रही है, जबकि यही पार्टी उन राज्यों में मौन साध लेती है। जहां उसकी खुद की सरकारें हैं और उन राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े कहीं ज्यादा हैं।

पांडेय ने यह बातें सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कही। उन्‍होंने कहा कि भाजपा को यह याद रखना चाहिए कि झारखंड में डायन प्रथा जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ सबसे पहले झामुमो ने ही आवाज़ उठाई और कड़े कानून बनाए। इन मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई चल रही है और सरकार हर पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

लेकिन हाथरस, उन्नाव और मणिपुर जैसी घटनाओं पर भाजपा ने चुप्पी क्यों साध रखी थी। क्या यह दोहरे मापदंड नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासित राज्यों में महिलाओं की स्थिति सुधारनी चाहिए, जहां कानून-व्यवस्था की हालत झारखंड से भी बदतर है।

विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार महिला सुरक्षा के लिए कई ठोस कदम उठा रही है। राज्य में महिला पुलिस बल की संख्या बढ़ाई गई है, महिला हेल्पलाइन को मजबूत किया गया है और फास्ट ट्रैक कोर्ट में लंबित मामलों का निपटारा तेजी से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को हर संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सकारात्मक सहयोग करना चाहिए। महिला सम्मान के नाम पर झूठा विमर्श गढ़कर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है, लेकिन झारखंड की जनता सच जानती है और झामुमो सरकार पर भरोसा करती है। उन्‍होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लगातार दूसरी बार राज्य की बागडोर मिली है।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top