Delhi

पश्चिम बंगाल में हिंसा को लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए।

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा के विरोध में आज यहां के बंग भवन के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने किया। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि आज दिल्ली का यह प्रदर्शन इस बात का सबूत है कि दिल्ली की जनता बंगाल के उस जनता के साथ खड़ी है जो बंगाल की ममता सरकार से परेशान है। उन्होंने कहा कि हर राज्य में विभिन्न राजनीतिक दल काम करते हैं लेकिन पिछले कुछ दिनों में जिस तरह का घटनाक्रम पश्चिम बंगाल में चल रहा है वह चिंताजनक है। तुष्टीकरण और हिंसा तृणमूल कांग्रेस का काम हो गया है। बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों में राहत सामग्री का निरीक्षण कर रहे भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हमला किया गया। ममता नहीं चाहतीं कि भाजपा नेता लोगों की समस्याओं में साथ खड़े हों।

सचदेवा ने कहा कि टीएमसी के लोगों ने एक जनप्रतिनिधि पर हमला कर उसे आईसीयू में भेज दिया है। बंगाल में खुलेआम गुंडागर्दी चल रही है। जनप्रतिनिधि पर हमला सीधा-सीधा लोकतंत्र पर हमला है और ममता बनर्जी को इसका हिसाब देना पड़ेगा। वह अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उन्होंने कहा कि अब बंगाल की जनता ममता बनर्जी से मुक्ति चाहती है और इस बार के चुनाव में वह परिवर्तन साफ होने वाला है।

सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि बनर्जी सरकार में भाजपा नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। बंगाल की जनता भी अब ममता सरकार से परेशान हो गई है। 2011 से लेकर अब तक ममता सरकार ने बंगाल में सिर्फ एक विशेष वर्ग की राजनीति के लिए पूरे बंगाल को बर्बाद करने का काम किया है।

विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष योगिता सिंह, एनडीएमसी के सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मंत्री विनोद बछेती, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष सी एल मीना, संतोष ओझा, अनीस अब्बासी, ऋचा पांडे मिश्रा, विक्रम मित्तल, कार्यालय मंत्री ब्रजेश राय और अमित गुप्ता के साथ अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top