Delhi

चांदनी चौक सीलिंग के मुद्दे को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

मुख्यमंत्री रेखा गु्प्ता के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक।

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के चांदनी चौक में सीलिंग के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल से मिलने के बाद मामले की गम्भीरता को समझते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जिसमें दिल्ली के मुख्य सचिव एवं दिल्ली के निगमायुक्त एवं वरिष्ठ निगम अधिकारियों के साथ ही सांसद खंडेलवाल और भाजपा नेता भी शामिल हुए।

सांसद खंडेलवाल एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया की चांदनी चौक एक पूर्ण व्यापारिक क्षेत्र है और एक व्यक्ति विशेष के कारण एक दुखद स्थिति बनी है जिसमें उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर कुछ दुकानों की सीलिंग हुई है। उन्होने अनुरोध किया कि दिल्ली नगर निगम के साथ ही दिल्ली सरकार भी व्यापारियों का पक्ष रखे और न्यायालय को बताये की यह एक मास्टर प्लान के अंतर्गत कानूनी व्यपारिक क्षेत्र है।

मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव एवं निगमायुक्त को निर्देश दिया की वह उच्चतम न्यायालय को बताएं की 1962 के पहले दिल्ली मास्टर प्लान से ही चांदनी चौक एक स्वीकृत व्यापारिक क्षेत्र है और दिल्ली मास्टर प्लान 2021 के अनुसार यहां के अधिकांश बाजार एवं गलियां पूरी तरह कमर्शियल या मिक्स लैंड उपयोग पंजीकृत हैं। अतः यहां सीलिंग करना उचित नहीं है।

रेखा गुप्ता ने चांदनी चौक ही नहीं पूरी दिल्ली के व्यापारियों को आश्वस्त किया है कि ना सिर्फ दिल्ली नगर निगम बल्कि दिल्ली सरकार एवं केंद्र सरकार भी उच्चतम न्यायालय में व्यापारियों के हित में जरूरत पड़ने पर जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली हिन्दुस्तानी मार्केनटाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश सचदेवा, महासचिव श्रीभगवान बंसल, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर, चांदनी चौक भाजपा अध्यक्ष अरविंद गर्ग, भाजपा नेता गोपाल गर्ग, व्यापारी नेता सुभाष गोयल एवं अभिषेक गणेरिवाल आदि शामिल थे।

———–

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top