शिमला, 05 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली पद यात्राओं के लिए समिति के गठन की घोषणा की है। इस समिति का गठन केन्द्र के निर्देशानुसार किया गया है। डॉ. बिंदल ने इस संबंध में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल को पत्र लिखकर जानकारी दी कि प्रदेश में जिला स्तर पर होने वाली पद यात्राओं के सफल आयोजन हेतु भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। उनके साथ प्रदेश सचिव तिलक राज, सचिव अमित ठाकुर और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुन्नी शुक्ला सदस्य के रूप में कार्य करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आम नागरिकों के दो-दो वोटर कार्ड पर तो खूब बयानबाजी करते हैं, लेकिन अपनी पार्टी के नेताओं की दोहरी पहचान पर मौन साध लेते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिमाचल में भी मतदाताओं को भ्रमित करने और फर्जीवाड़े की मुहिम चला रही है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता और ईमानदारी की प्रेरणा के रूप में मनाएगी, जबकि कांग्रेस फरेब की राजनीति में उलझी हुई है।
उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस खुद को ‘मोहब्बत की दुकान’ बताती है, वही फरेब और फर्जीवाड़े का बाजार चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा के पास दो अलग-अलग वोटर कार्ड पाए गए हैं। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी कोटा नीलिमा, जो 2023 में तेलंगाना की खैरताबाद सीट से चुनाव लड़ी थीं, उनके पास भी दो वोटर कार्ड मिले हैं।
बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा बार-बार दूसरों पर आरोप लगाना उनकी आदत बन चुकी है, लेकिन जब खुद के परिवार के दोहरे मतदाता कार्ड सामने आते हैं, तो वे चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि 1980 में सोनिया गांधी, इटली की नागरिक होने के बावजूद, भारतीय वोटर सूची में शामिल हो गई थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिसे वोट चोरी का ठेकेदार बनने की आदत है, वह स्वयं वोट डकैती के लिए कुख्यात रही है। शर्मा ने कहा कि कश्मीर और बिहार में ईवीएम से पहले चुनावों में किस तरह धांधली होती थी, यह पूरा देश जानता है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
