
नई दिल्ली, 19 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने 30 नवंबर को होने वाले नगर निगम के 5 वार्डों के उपचुनाव के लिए पूरा जोर लगा दिया। उन्होंने दावा किया है कि सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कैंपेन, नुक्कड़ सभाएं, महिला सम्मेलन और ड्राइंग रूम मीटिंग्स जोर-शोर से चल रही हैं।
भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता इस बार दिल्ली से “झूठ और भ्रम” फैलाने वाली आआपा का पूरी तरह सफाया कर देगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को दक्षिणपुरी और संगम विहार में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह उप-चुनाव सिर्फ वार्ड जीतने का नहीं, कमल खिलाकर विकसित दिल्ली बनाने का चुनाव है। जनता 30 नवंबर को कमल का बटन दबाकर भाजपा को भारी मतों से जिताए और दिल्ली से झूठ व भ्रम फैलाने वाली आम आदमी पार्टी का सफाया करे।
सचदेवा ने आआपा नेता एवं दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद सौरभ ने अपना राजनीतिक संतुलन खो दिया है, इसलिए आज उन्होंने मुख्यमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया।
सांसद मनोज तिवारी ने शालीमार बाग और अशोक विहार में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा,
“दिल्ली में बसा पूर्वांचल समाज यमुना किनारे छठ पूजा की शानदार व्यवस्था के लिए रेखा गुप्ता सरकार का आभारी है। इस बार उपचुनाव में पूर्वांचल समाज का 100 प्रतिशत वोट भाजपा को मिलेगा।”
सांसद कमलजीत सहरावत, विधायक पवन शर्मा एवं संदीप सहरावत ने द्वारका-बी वार्ड में जनसंपर्क किया।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने विनोद नगर, कपिल मिश्रा ने शालीमार बाग, रविंद्र इंद्राज सिंह ने अशोक विहार में नुक्कड़ सभाएं कीं।
विधायक चंदन चौधरी, लता गुप्ता, पूनम शर्मा, अशोक गोयल, अनिल शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडेय और अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा भी विभिन्न वार्डों में सक्रिय रहे।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि सभी पांचों वार्डों (दक्षिणपुरी, संगम विहार-ए, शालीमार बाग, अशोक विहार और द्वारका-बी) में जबरदस्त लहर है और पार्टी भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।
उल्लेखनीय है कि उपचुनाव 30 नवंबर को होने हैं और मतगणना 3 दिसंबर को होगी।
————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी