HimachalPradesh

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण पर भाजपा का हमला,कहा सोनिया-प्रियंका नहीं गिना पाईं सुक्खू सरकार की एक भी उपलब्धि

नाहन, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में गुप्ता ने कहा कि समारोह के दौरान सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी अपने भाषणों में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की कोई भी ठोस उपलब्धि नहीं गिना सकीं, जिससे हिमाचल की जनता को गहरा निराशा हुई।

विनय गुप्ता ने कांग्रेस सरकार को वादा फरोश सरकार करार देते हुए कहा कि तीन साल बाद भी सरकार चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने का वादा, पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरी देने का दावा, किसानों से ₹100 प्रति लीटर दूध खरीद और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे वादे केवल घोषणाएं बनकर रह गए हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने सिरमौर के कांग्रेस नेताओं को भी कटघरे में खड़ा करते हुए पूछा कि जिले में कितनी महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह मिला और कितने युवाओं को रोजगार दिया गया। उन्होंने कहा कि सिरमौर के विधायक और कांग्रेस नेता जिले के हितों की रक्षा करने में बुरी तरह विफल रहे हैं, जिससे सिरमौर का विकास ठप पड़ गया है।

विनय गुप्ता ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि प्रतिमा अनावरण समारोह के मंच से किसी भी कांग्रेसी नेता ने हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को श्रद्धांजलि देने की जहमत नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि यह न केवल प्रदेश के गौरव का अपमान है, बल्कि जनता इससे आहत है और इसका हिसाब आगामी चुनावों में करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top