HimachalPradesh

सीमेंट रेट में वृद्धि को लेकर भाजपा का सरकार पर हमला

दविंदर कुमार।

ऊना, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा ऊना मंडल अध्यक्ष दविंदर कौशल, मेहतपुर बस्देहरा मंडल अध्यक्ष राहुल देव शर्मा एवं ऊना मंडल प्रवक्ता बलविंदर गोल्डी ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र की भाजपा सरकार जनता को राहत देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल ही में केन्द्र सरकार ने जीएसटी में कमी कर आम नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और उद्योगों को सीधी राहत दी है। यह कदम महंगाई पर लगाम लगाने और जनता के हित में केंद्र सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

लेकिन दुख की बात है कि दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर बोझ डालने के नए-नए तरीके निकाल रही है। ताज़ा उदाहरण है सीमेंट के दामों में ₹16 प्रति बोरी की भारी वृद्धि। कांग्रेस सरकार का यह निर्णय हर उस व्यक्ति पर सीधा हमला है जो घर बनाने का सपना देखता है, जो रोज़गार के लिए निर्माण कार्य करता है, और जो पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है।

यह वृद्धि केवल आम आदमी को परेशान करने के लिए नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनविरोधी कांग्रेस सरकार की नाकामी और कुशासन का प्रतीक है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार बार-बार जनता के हितों से खिलवाड़ कर रही है। जिस सरकार की प्राथमिकता केवल सत्ता सुख और भ्रष्टाचार हो, वह कभी भी आम लोगों के हितों की रक्षा नहीं कर सकती।

भाजपा यह सवाल पूछती है कि जब केन्द्र सरकार जनता को राहत देने के लिए निर्णायक कदम उठा रही है, तो कांग्रेस सरकार को जनता से इतनी नफ़रत क्यों है? क्यों बार-बार ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं जो जनता की जेब काटते हैं? क्या यह वही “गर्जन करती और तराजू तौलती” कांग्रेस है, जो सिर्फ़ वादे करने में माहिर है और जमीन पर जनता को केवल महंगाई और तकलीफ़ें देती है?

भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट करना चाहती है कि जनता के शोषण के खिलाफ़ भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि जनता सब देख रही है और समय आने पर कांग्रेस को जवाब देना जानती है।

भाजपा प्रदेश सरकार से मांग करती है कि तुरंत सीमेंट की कीमतों में की गई यह वृद्धि वापस ली जाए और जनता को राहत दी जाए।

—————

(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल

Most Popular

To Top