

कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजेंद्र सिंह की सद्भाव पैदल यात्रा का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
जींद, 6 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजेंद्र सिंह की सद्भाव पैदल यात्रा सोमवार को दूसरे दिन नरवाना खंड के गांव उझाना, बेलरखां में पहुंची। यात्रा की शुरूआत नरवाना में सर छोटूराम पार्क में सर छोटूराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। यात्रा के साथ मौजूद रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भाजपा पर तीखे वार किए। दो दिन पहले जींद आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष द्वारा जहां तीन बार भाजपा सरकार आने पर कांग्रेस का बीज नहीं जमने के बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा में दस साल रहा हूं। वो बीज उसका नहीं जमने देते जो उनके साथ चले जाते हैं।
प्रदेश में भाजपा से जेजेपी मिल गई। साढ़े चार साल उसका फायदा उठाया। दस विधायकों को फिर ऐसा कर दिया कि जो डिप्टी सीएम रहा वो सात हजार वोटों पर रह गया। यह पार्टी जो क्षेत्रीय दल है, उसके लिए खतरनाक है। कई चीजें ऐसी होती है जो समाज देरी से समझता है। अब समाज समझ गया। जो बांटने वाली शक्तियां है उनको समाज अब हरियाणा में नहीं अपनाएगा। यात्रा के दौरान आई बारिश में भी पद यात्रा नहीं रूकी। बारिश में ही बृजेंद्र सिंह पद यात्रा में अपने साथियों के साथ चलते रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह भी यात्रा की शुरूआत में उनके साथ रहे। बाद में वो चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। नरवाना हलके के बाद कलायत हलके में यात्रा ने प्रवेश किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि सद्भाव यात्रा के सामाजिक मायने राजनीति मायनों से भी बड़े हैं। सदियों से एक भाईचारा जिसको सद्भाव बोल सकते वो रहा है। कभी छोटे बड़े, जाति-पाति का नहीं रहा। ऐसा व्यवहार रहा है कोई किसी बिरदारी से हो उस रिश्ते-नाते के हिसाब से बोलते थे। इस रिश्ते को तोडऩे की बड़े योजनाबद्ध तरीके से भाजपा ने कोशिश की है। ऐसी परिस्थिति में हमारा समाज न पिछड जाए। ये जो यात्रा है उसका सबसे बड़ा महत्व है हम जगह-जगह जाकर कहेंगे समाज एकजुट रहे। पूर्व सांसद ने कहा कि वोट चोरी, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दे यात्रा के माध्यम से उठाए जाएंगे। दनौदा के ऐतिहासिक चबूतरे से यात्रा का शुभारंभ हुआ है। प्रदेश के कौने-कौने में सदभाव का संदेश यात्रा के माध्यम से दिया जाएगा। यात्रा को लेकर हर किसी के उत्साह नजर आ रहा है। युवा वर्ग सबसे अधिक यात्रा में अग्रणी है। आज किसानों को उनकी फसलों को उचित भाव नहीं मिल रहा है। रोजगार के लिए युवाओं को विदेशों में जाना पड़ रहा है। अपराध प्रदेश में बढ़ रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
