
भागलपुर, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । वोटर अधिकार यात्रा को लेकर गुरुवार को जिले के अकबरनगर में जोरदार बाइक रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सह कैबिनेट मंत्री डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने किया। इस रैली में सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे जोश के साथ यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बाइक रैली की शुरुआत अकबरनगर रेलवे स्टेशन चौक से हुई। रैली इंग्लिश चिचरौंन, तिलकपुर, महेशी होते हुए सुल्तानगंज पहुंची। रास्ते भर राहुल-तेजस्वी जिंदाबाद, वोट हमारा, अधिकार हमारा, लोकतंत्र बचाना है, यात्रा में आना है जैसे नारे गूंजते रहे। नारों की गूंज से पूरा इलाका उत्साह और जोश से भर गया। जगह-जगह ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से रैली का स्वागत किया। कई स्थानों पर युवाओं ने हाथ हिलाकर और नारे लगाकर रैली का मनोबल बढ़ाया।
मौके पर डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की अगुवाई में निकली वोटर अधिकार यात्रा ऐतिहासिक साबित होगी। यह यात्रा लोकतंत्र को मजबूत करने और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हो रही है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि आम लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इस संदेश को घर-घर तक पहुँचाएँ।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होकर लोकतंत्र को बचाने की इस मुहिम का हिस्सा बनें। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने भी कहा कि यात्रा से जनजागरण होगा और लोगों को अपने वोट की ताकत का एहसास होगा। लगातार नारों, उत्साह और जोश से भरी यह रैली इलाके में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने इसे ऐतिहासिक आयोजन करार दिया। रैली में सिंटू यादव, मंटू यादव, ब्रजेश कुमार, हर्षवर्धन, रवीश कुमार, सुधीर यादव, संतोष कुमार, रुस्तम, अशोक, सुमृत, बबलू आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर
