
धमतरी, 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । कुरुद विकासखंड मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद इंडोर स्टेडियम में सोमवार को लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 100 बिस्तरों वाले नवीन सिविल अस्पताल (उन्नयन) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह अत्याधुनिक अस्पताल भवन 17 करोड़ से अधिक की लागत से पांच मंजिला बनाया जाएगा।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि 100 बिस्तरों वाले इस नवीन अस्पताल भवन के निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण उपचार सरल, सुलभ और समय पर मिले। आधुनिक ओपीडी, डायलिसिस यूनिट, सीटी स्कैन, उन्नत लैब और आइसोलेशन वार्ड जैसी सुविधाएँ मरीजों की जीवन-रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि यहां नर्सिंग कालेज भी स्वीकृत है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि कुरूद क्षेत्र में विकास के कार्य निरंतर और तेज गति से चल रहे हैं। पहले मनुष्य की मूल आवश्यकताएं रोटी, कपड़ा और मकान तक सीमित थीं, लेकिन आज के दौर में शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान भी उतने ही महत्वपूर्ण हो गए हैं। राज्य सरकार इन सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास कर हर नागरिक की जरूरतों और सम्मान की रक्षा के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कुरुद में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक सिविल अस्पताल का निर्माण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का प्रतीक है और यह ग्रामीण अंचल के लिए एक सशक्त स्वास्थ्य सुरक्षा कवच सिद्ध होगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में कुरूद में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अरुण सार्वा, अध्यक्ष जिला पंचायत धमतरी, गीतेश्वरी साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद, नेहरू निषाद, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पहले 30 बिस्तर से शुरू हुआ था, अब 100 बिस्तरों का बन रहा अस्पताल
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह अस्पताल कुरुद के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि कभी कुरुद का अस्पताल केवल 30 बिस्तरों का था, जिसे 50 बिस्तरों तक बढ़ाया गया और अब इसे 100 बिस्तरों के विशाल, आधुनिक और बहुउद्देशीय सिविल अस्पताल के रूप में उन्नत किया जा रहा है। यह केवल इमारत नहीं, बल्कि क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का नया भरोसा है।
100 बिस्तर अस्पताल में आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ वार्ड और उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाओं के साथ यह अस्पताल बड़े शहरों जैसी सुविधाएँ प्रदान करेगा। ओपीडी, इमरजेंसी, फार्मेसी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, फिजियोथैरेपी, पैथालॉजी, कैजुअल्टी वार्ड, मेडिसिन, सर्जरी, डायलिसिस, हड्डी रोग, नेत्र रोग वार्ड, ब्लड बैंक और प्रशासनिक कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा