
—शुरूआत रामचरितमानस के संगीतमय पाठ से,असम के राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
वाराणसी,08 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के पंचक्रोशी यात्रा में दूसरे पड़ाव भीमचंडी महादेव स्थित सिद्धपीठ मां भीमचंडी देवी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मोत्सव पर 10 अगस्त से मंदिर परिसर में दो दिवसीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें विविध धार्मिक अनुष्ठान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। शुरूआत श्री रामचरितमानस के संगीतमय अखंड पाठ से होगा।
यह जानकारी शुक्रवार को जन्मोत्सव आयोजन समिति के संयोजक पंडित अमित कुमार पांडेय,सरंक्षक गोपाल मिश्रा ने गोलघर स्थित पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। गोपाल मिश्र ने बताया कि माता रानी का जन्मदिवस भाद्रपद मास के कृष्णपक्ष के द्वितीय तिथि को मनाया जाता है। इस बार जन्मोत्सव 11 अगस्त को है। जन्मोत्सव समारोह में वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी,श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा, श्री अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी सहित काशी के सभी मठ मंदिरों के महंत शामिल होंगे। गोपाल मिश्रा ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल और असम के राज्यपाल ने भी शुभकामना संदेश दिया है। वार्ता में आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष राजेश प्रजापति, डॉ अश्वनी त्रिपाठी आदि भी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
