RAJASTHAN

केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान : राजभाषा में काम करने पर भारतीय प्राणी सर्वेक्षण प्रथम

jodhpur

जोधपुर, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति जोधपुर-2 की छमाही बैठक का आयोजन केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान में निदेशक डॉ. सुमन्त व्यास की अध्यक्षता में किया गया।

डॉ. व्यास ने कहा कि नराकास के स्तर पर राजभाषा समीक्षा उपरांत जिन कार्यालयों में राजभाषा कार्यान्वयन में कठिनाई आ रही है, उन्हें नराकास द्वारा सहयोग कर दूर किया जाना चाहिये। राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

बैठक में उप निदेशक (रा.भा.) एवं सदस्य सचिव नराकास-2 नवीन कुमार यादव द्वारा समिति के सदस्यों का स्वागत किया गया तथा बैठक की कार्यवाही संचालित की गई। यादव ने कहा कि राजभाषा विभाग, भारत सरकार द्वारा राजभाषा के प्रचार प्रसार हेतु अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। इस अवसर पर संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (वरिष्ठ ग्रेड) एसके सिंह ने कहा कि लक्ष्यानुसार शत प्रतिशत पत्राचार हिन्दी में किया जाना चाहिये। बैठक में वार्षिक कार्यक्रम के अनुपालन, राजभाषा कार्यशाला सहित विभिन्न मदों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन के लिए भारतीय प्राणी सर्वेक्षण को प्रथम, शुष्क वन अनुसंधान संस्थान को द्वितीय पुरस्कार तथा क्षेत्रीय लेखा कार्यालय (सेना) को तृतीय पुरस्कार के रूप में राजभाषा शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता तथा हिन्दी ज्ञान एवं अनुवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 (वायुसेना) द्वारा विद्यालय में जारी राजभाषा गतिविधियों संबंधी प्रस्तुतिकरण दिया गया। बैठक में नराकास के 60 से अधिक कार्यालय प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top