Jammu & Kashmir

भल्ला ने जम्मू में शुरू किया हस्ताक्षर अभियान, राज्य का दर्जा बहाल करने की उठाई मांग

भल्ला ने जम्मू में शुरू किया हस्ताक्षर अभियान, राज्य का दर्जा बहाल करने की उठाई मांग

जम्मू, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने शुक्रवार को जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य चुनाव में धांधली के खिलाफ विरोध दर्ज कराना और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को जोर देना था। भल्ला ने इस मौके पर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से राज्य का दर्जा छीनना कोई प्रशासनिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित निर्णय था, जिसने लोगों में गहरी निराशा और उपेक्षा की भावना पैदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अब तक जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा नहीं दिया, जो जनता के साथ अन्याय है।

भल्ला ने हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं और बाढ़ राहत कार्यों में केंद्र सरकार की उदासीनता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहत दल कई प्रभावित क्षेत्रों तक समय पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों को खुद अपने हाल पर छोड़ दिया गया। कांग्रेस नेता ने जम्मू से चुने गए 28 भाजपा विधायकों के कामकाज पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक वर्ष बीतने के बावजूद जनता को उनके किसी ठोस कार्य की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य का दर्जा बहाल करने की लड़ाई जारी रखेगी और तब तक संघर्ष करती रहेगी जब तक लोगों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार वापस नहीं मिल जाता।

अभियान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सतीश शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव काटल, वरिष्ठ नेता सरदार राजेंद्र सिंह, आईपी सिंह, बाबू सिंह सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। संजय नगर, दरप पंचायत, गांधी नगर, सिम्बल कैंप और मॉडल टाउन जैसे क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने हस्ताक्षर कर राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की। भल्ला ने अंत में जनता से अपील की कि वे इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एकजुट होकर लोकतंत्र व राज्य के अधिकारों की बहाली के लिए आवाज उठाएं।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top