
लखनऊ, 24 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लालबाग में कई दिनों से जारी भारतीय किसान यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना किसानों की ऐतिहासिक जीत के साथ बुधवार को समाप्त हुआ। नगर निगम प्रशासन ने आंदोलन के दबाव में किसानों की सभी मांगें मान लीं और हिरासत में रखे गए पशुओं को नि:शुल्क छोड़ दिया।
जिलाध्यक्ष आलोक वर्मा ने कहा कि यह जीत किसान एकता और संघर्ष की है। हम निगम की कार्रवाई पर निगरानी रखेंगे। यदि वादों को अमल में नहीं लाया गया तो आंदोलन और बड़े स्तर पर खड़ा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारी मुख्य मांगों में नगर निगम की लापरवाही से हुई गोवंश की मौत की उच्चस्तरीय जांच, दोषी कर्मचारियों पर मुकदमा और कड़ी कार्रवाई, किसानों के उत्पीड़न की रोक, निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाना है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन स्पष्ट करती है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संगठन उनके हितों की लड़ाई पूरे दमख़म से लड़ता रहेगा।
इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश महासचिव गणेशशंकर वर्मा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूनील शुक्ला, महिला जिलाध्यक्ष उर्मिला मौर्य, महानगर अध्यक्ष इमरान ख़ान, मोहम्मद वसीम मुन्ना सहित सभी तहसील अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
