
भीलवाड़ा, 27 जून (Udaipur Kiran) । राजनीतिक गहमागहमी के बीच भाजपा के राजस्थान प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने शुक्रवार को भीलवाड़ा दौरे के दौरान कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेताओं पर तीखे शब्दों में प्रहार करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आज हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हैं और कल भी वही रहेंगे। भाजपा में रोज-रोज मुख्यमंत्री नहीं बदला जाता।
यह बयान उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत के उस आरोप पर पलटवार करते हुए दिया जिसमें गहलोत ने दावा किया था कि भाजपा के भीतर भजनलाल शर्मा को हटाने की साजिश चल रही है। डॉ. अग्रवाल ने जवाब में कहा, गहलोत जैसा अनुभव रखता है, वैसा ही विश्लेषण करता है। उन्होंने खुद सचिन पायलट को हटाने की कोशिश की, इसलिए वे सोचते हैं कि हर पार्टी में ऐसा ही होता होगा। पर भाजपा में ऐसा नहीं होता।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस में खेमेबाजी, अंदरूनी संघर्ष और विधायकों के बीच आपसी तनाव आम बात रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने सत्ता बचाने के लिए कई असंवैधानिक काम किए, जिससे लोकतंत्र कमजोर हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर जिस तरह पायलट और गहलोत के बीच खींचतान चली, वह कांग्रेस की आंतरिक विफलता का प्रतीक है। भाजपा में ऐसा नहीं होता। हम एक विचारधारा आधारित पार्टी हैं, जहां कैडर, संगठन और नेतृत्व सब मिलकर चलते हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा, राहुल गांधी जैसा डरा हुआ व्यक्ति न तो भारत की राजनीति में मिलेगा, न ही दुनिया की राजनीति में। उनका यह बयान कांग्रेस की वर्तमान स्थिति और नेतृत्व पर तीखी टिप्पणी माना जा रहा है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, डोटासरा केवल कागजों में अध्यक्ष हैं। उनकी बातों को कोई संज्ञान में नहीं लेता। अगर वे इतने ही सक्षम होते, तो सातों उपचुनाव जीतते।
कोर कमेटी बैठक में संगठन मजबूती पर जोर
भीलवाड़ा भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी बैठक में डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि यह “देश सर्वोपरि” की भावना से काम करने वाली कैडर आधारित पार्टी है। हम भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन को सतत मजबूत कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के विचार निर्माण, प्रशिक्षण और वैचारिक स्पष्टता पर काम करते हैं। सत्ता हमारे लिए सेवा का माध्यम है, लक्ष्य नहीं।
—————
(Udaipur Kiran) / मूलचंद
